
Gujarat Election 2022: गुजरात विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। इसी के साथ तमाम पार्टियों ने जीत की तैयारी शुरू कर दी है। मगर इस बीच भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है। बीजेपी सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे दिग्गज नेता जय नारायण व्यास ने पार्टी से अपना नाता तोड़ लिया है। जय नारायण व्यास ने बीजेपी के प्राथमिक सदस्य के पद से इस्तीफा दे दिया है।
अब उम्मीद की जा रही है कि वो जल्द ही कांग्रेस या आम आदमी पार्टी में शामिल हो सकते हैं। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से उनकी नजदीकी कांग्रेस और अन्य पार्टियों के नेताओं के साथ देखी जा रही थी। बताया जा रहा है कि जय नारायण व्यास सिद्धपुर सीट से चुनाव लड़ना चाहते हैं।

पूर्व स्वास्थ्य मंत्री जय नारायण व्यास 2007 से लेकर 2012 तक गुजरात सरकार में मंत्री थे। आरोप है कि पार्टी ने काफी समय से उन्हें किनारे कर रखा था। ऐसे में सबकी नजरे अब इस बात पर टिकी है कि वो किस पार्टी में शामिल होंगे।
Gujarat Election 2022: अशोक गहलोत से हुई थी मुलाकात
बता दें कि हाल ही में व्यास अचानक अहमदाबाद में राजस्थान के मुख्यमंत्री और गुजरात के विशेष चुनाव अधिकारी अशोक गहलोत से मिले थे। सर्किट हाउस में बंद दरवाजों के पीछे अशोक गहलोत और जय नारायण व्यास के बीच हुई बैठक लगभग 45 मिनट तक चली। इस बैठक के बाद कई तरह के सवाल भी खड़े किए गए। हालांकि, जय नारायण व्यास ने दावा किया था कि उन्होंने यह बैठक केवल एक पुस्तक के लिए की थी जो वे नर्मदा के बारे में लिख रहे थे। तब राजनीति में किसी बड़े बदलाव की चर्चा तेज हो गई थी जो कि अब सच हो गयी है।

बता दें कि चार महीने पहले जय नारायण व्यास ने सिद्धपुर के स्वामीनारायण मंदिर में शक्ति प्रदर्शन किया था। तब उन्होंने आरोप लगाया था कि सिद्धपुर का विकास थम गया है। स्वास्थ्य सेवाओं पर सरकार के करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद, लोगों के संघर्ष से स्थिति और खराब हो गई है। पिछले 27 साल से गुजरात में बीजेपी की सरकार है और इस बार भी पार्टी का दावा है कि वह सत्ता में बरकरार रहेगी।
बता दें कि शुक्रवार को कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के लिए 43 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। लिस्ट में पार्टी के वरिष्ठ नेता अर्जुन मोढवाडिया को पोरबंदर से उम्मीदवार बनाया है। इसके साथ ही अकोटा से ऋत्विक जोशी, रावपुरा से संजय पटेल और गांधीधाम से भरत वी.सोलंकी को टिकट दिया गया है।
यह भी पढ़ें:
- Gujarat Election 2022: गुजरात को लेकर एक्टिव हुई सभी पार्टियां; AAP करेगी सीएम उम्मीदवार का ऐलान, कांग्रेस का है ये प्लान…
- Gujarat Elections 2022: गुजरात में चुनावी बिगुल बजते ही BJP ने सभी सीटों के लिए तय किए तीन-तीन नाम, जल्द किया जाएगा शॉर्टलिस्ट