Karnataka Elections 2023: कर्नाटक में चुनाव प्रचार के दौरान कड़वी जुबानी जंग देखने को मिल रही है। प्रमुख दो प्रमुख पार्टियां-भाजपा और कांग्रेस वोट बटोरने के लिए एक-दूसरे पर आरोप लगाती रही हैं। भारत के चुनाव आयोग ने कर्नाटक विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार अभियान के “गिरावट के स्तर” को गंभीरता से लेते हुए सभी राष्ट्रीय और राज्य राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों को सावधानी और संयम बरतने की सलाह जारी की है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव 10 मई को एक ही चरण में होंगे, जिसकी मतगणना 13 मई को होनी है। इस बीच कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा है।
गरीबी बेरोजगारी की वजह से लोग कर रहे हैं आत्महत्या: प्रियंका गांधी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कर्नाटक के मूदबिद्री में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “पीएम नरेंद्र मोदी जी अगर कर्नाटक में हिंसा हो रही है तो वह बेरोजगारी के कारण है, अगर कर्नाटक में हिंसा है तो आपके 40% कमीशन सरकार की वजह से है। पहले 4 अलग-अलग बैंक थे, कॉर्पोरेशन बैंक, विजया बैंक, सिंडिकेट बैंक और केनरा बैंक, और अब इस सरकार के कारण आज सभी एक बैंक में विलय हो गए हैं। उन्होंने कहा, “हर रोज 5 किसान आत्महत्या से मर रहे हैं. कर्नाटक में 4 सालों में 6487 किसानों, गरीबी की वजह से 542 लोगों, बेरोजगारी की वजह से 1675 लोगों, कर्ज-घाटे की वजह से 3734 लोगों ने आत्महत्या की है।
कांग्रेस का विकास कागजों पर ही है: पीएम मोदी
बता दें कि इससे पहले शिवमोग्गा में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘कांग्रेस की राजनीति और विकास कार्य दोनों ही कागजों पर हैं। वे कभी कर्नाटक का विकास नहीं कर सकते। वे सिर्फ झूठ का सौदा कर रहे हैं। अतीत में कांग्रेस सरकार द्वारा कर्नाटक की महिलाओं की पूरी तरह से उपेक्षा की गई थी। उन्होंने किसानों के लिए कोई विकास कार्य नहीं किया है। भाजपा ने राज्य के किसानों के लिए काम किया है। अब कांग्रेस के सभी झूठों का पर्दाफाश हो गया है और भाजपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी।
यह भी पढ़ें: