Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव रविवार को लखनऊ में पुलिस मुख्यालय पहुंचे। इसकी जानकारी सपा ने अपनी ट्विटर हैंडल से भी दी है। अखिलेश के पहुंचते ही वहां पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने उनके लिए चाय मंगाने की बात की। इस पर अखिलेश यादव ने पुलिस वालों की चाय पीने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें भरोसा नहीं है, कहीं चाय में जहर दे दिए तो…

Akhilesh Yadav: मनीष जगन की गिरफ्तारी का मामला
दरअसल, समाजवादी पार्टी के ट्विटर हैंडल के संचालक मनीष जगन अग्रवाल को राजधानी लखनऊ की हजरतगंज पुलिस ने रविवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। उनपर सपा के ट्विटर हैंडल से अभद्र टिप्पणी करने का आरोप है। इस मामले में तीन केस भी दर्ज कराए गए थे, जिसमें से एक 6 जनवरी को बीजेपी युवा मोर्चा की सोशल मीडिया इंचार्ज डॉ. ऋचा राजपूत द्वारा दर्ज कराया गया केस भी है। उन्होंने सपा के ट्विटर हैंडल से रेप और जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाकर मामला दर्ज कराया था। मनीष की गिरफ्तारी को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने डीजीपी मुख्यालय पर धरना भी दिया।
वहीं, मनीष की गिरफ्तारी के बाद सपा प्रमुख पुलिस मुख्यालय पहुंचे। सपा के ट्विटर हैंडल से इसकी तस्वीर भी शेयर की गई और लिखा गया “मुख्यालय में कोई जिम्मेदार व्यक्ति मौजूद नहीं।”
पुलिस अधिकारियों से चाय को लेकर क्या बोले अखिलेश?
मालूम हो कि यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव रविवार को पुलिस मुख्यालय पहुंचे। उन्हें देख वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों ने चाय मंगाने की बात कही, जिसका वीडियो भी सामने आया है। इसपर अखिलेश यादव ने पुलिस वालों की चाय को पीने से मना कर दिया। उन्होंने कहा “आप चाय मत मंगाईए हम मंगा लेते हैं।” अखिलेश आगे विकास नाम के किसी व्यक्ति से बोलते हैं “ऐ विकास, अगर बाहर में किसी जगह चाय की दुकान खुल गई हो तो चाय मंगाओ…यहां की नहीं पीएंगे।”
सपा प्रमुख पुलिस अधिकारियों से बोलते हैं “यहां(पुलिस मुख्यालय) की चाय नहीं पीएंगे…बाहर का पीएंगे या हम अपनी लाई हुई पीएंगे। हम नहीं पी सकते हैं, जहर दे दोगे तब..हां…हां… हमें भरोसा नहीं है। सच में भरोसा नहीं है मुझे।” अखिलेश आगे कहते हैं कि हम अपनी चाय पीएंगे आप अपनी पीजीए।
वहीं, बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावला ने अखिलेश के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने अखिलेश द्वारा पुलिस मुख्यालय में चाय पीने से मना करने वाले वीडियो को शेयर करते हुए कहा है “अखिलेश यादव ने आतंकियों पर भरोसा किया और उन्हें रिहा कर दिया लेकिन यूपी पुलिस पर शक करते हैं।”
एडीजी लॉ एंड आर्डर ने की प्रेस वार्ता
यूपी के एडीजी लॉ एंड आर्डर प्रशांत कुमार ने प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि अखिलेश आज डीजीपी मुख्यालय आये थे। उनके साथ विधायक भी थे। अखिलेश को प्रवेश दिया गया बाकी लोगों को प्रवेश नहीं दिया गया। प्रशांत कुमार ने बताया कि अखिलेश यादव ने पूछा कि सपा के मीडिया सेल से जुड़े मनीष को क्यों गिरफ्तार किया गया है? वहीं, पुलिस अधिकारी ने अखिलेश यादव को बताया कि मनीष के खिलाफ मुकदमा दर्ज है जिसमें जांच की गई, साक्ष्य आकलन किए गए हैं। मनीष द्वारा समय-समय पर मर्यादाओं को लांघते हुए ट्वीट किए गए हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मनीष पर 153 a, 195, आईटी एक्ट के अलावा कई धाराओ में मुकदमा दर्ज किए गए हैं। हालांकि, अखिलेश के चाय पीने वाली बात पर एडीजी लॉ एंड आर्डर ने बताया कि अखिलेश ने चाय पीने से मना किया था। यहां स्टाफ ने बात की तो उन्होंने बाद में चाय पी ली।
यह भी पढ़ेंः
CHSL 2022 परीक्षा में रोचक हुआ मुकाबला, एक पद के लिए 700 अभ्यर्थी देंगे Exam