UP News: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के एक ट्वीट ने राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है। इस ट्वीट के बाद राजनीतिक पंडित इसके मायने निकालने में लगे हुए हैं। दरअसल, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद ने एक लाइन का ट्वीट करते हुए लिखा कि संगठन सरकार से बड़ा है। बता दें कि प्रदेश अध्यक्ष के पद से स्वतंत्र देव सिंह के इस्तीफे के बाद से यूपी बीजेपी नए प्रदेश अध्यक्ष की तलाश कर रही है। जिसके चलते राजनीतिक गलियारों में चर्चा ये चल रही है कि प्रदेश अध्यक्ष की कमान केशव प्रसाद मौर्य को दी जा सकती है।
UP News: हाल ही जेपी नड्डा से मिले थे मौर्य
बता दें कि हाल ही में केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी। जिसके चलते अब
इस मुलाकात को भी उत्तर प्रदेश भाजपा संगठन में होने वाले फेरबदल से जोड़ कर देखा जा रहा है। केशव प्रसाद मौर्य को हाल ही में उत्तर प्रदेश विधान परिषद में सदन का नेता बनाया गया था।
कहा जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के बीजेपी अध्यक्ष के चयन को लेकर विचार विमर्श आखिरी दौर में पहुंच गया है और यह बताया जा रहा है कि भाजपा अब बहुत जल्द उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर सकती है। बीजेपी के लिए 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर 80 लोकसभा सीटों वाला ये प्रदेश बहुत मायने रखता है, इसलिए भाजपा एक ऐसे नेता को प्रदेश का अध्यक्ष बनाना चाहती है, जिसमें जो अनुभवी के साथ – साथ कार्यकर्ताओं में भी लोकप्रिय हो। वहीं बताया जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष को लेकर उत्तर प्रदेश के कई बड़े नेताओं से राय भी ली गई है।
संबंधित खबरें…
राम मंदिर परिसर की तरफ जाने वाली सड़क का नाम होगा कल्याण सिंह मार्ग, केशव प्रसाद मौर्य ने दी जानकारी