उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के वृंदावन को पवित्र धार्मिक स्थल करने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने मथुरा पुलिस को लेकर भी एक अहम फैसला लिया है। यूपी सरकार अब मुथरा पुलिस को नई यूनिफॉर्म देने जा रही है। इस यूनिफॉर्म के कंधे पर बैज में भगवान कृष्ण का फोटो होगा। इस लोगो में कृष्ण के फोटो के साथ पर्यटन पुलिस भी लिखा होगा। हालांकि पुलिसकर्मियों को अपने सामान्य रैंक के बैज भी पहनने होंगे।
मथुरा के एसएसपी स्वप्निल मनगेन ने बताया कि रैंक के हिसाब से पुलिसवाले बिल्ला लगाएंगे। इन लोगो को मथुरा पुलिस की वर्दी में शामिल करने का उद्देश्य उन्हें और ज्यादा टूरिस्ट फ्रेंडली बनाना है। जिस तरह आगरा ताज महल के लिए प्रसिद्ध है उसी तरह मथुरा बांके बिहारी मंदिर के लिए जाना जाता है। इस तरह लोगो पुलिस को विशेष पहचान देगा।
विभाग के कुछ सूत्रों ने बताया कि फतेहपुर सीकरी में स्विस कपल पर हुए हमले में यूपी पुलिस की आलोचना हुई थी। उसके बाद से उनकी छवि सुधारने की दिशा में काम हो रहा है। हालांकि प्रदेश के दूसरे हिस्सों में पुलिस विभाग के लोग इसका विरोध कर सकते हैं।
वहीं डीजीपी बृज लाल ने कहा कि इस तरह के ‘लोगो’ को अनुमति नहीं दी जानी चाहिए, क्योंकि इससे पुलिस की धर्मनिर्पेक्ष छवि को नुकसान पहुंच सकता है। कांग्रेस प्रवक्ता विवेक बंसल ने कहा है कि भारत धर्मनिर्पेक्ष देश है। ऐसे में सरकार को किसी एक धर्म का प्रचार नहीं करना चाहिए। वृंदावन टूरिज्म का हिस्सा सिर्फ हिंदू नहीं है, हर एक धर्म के लोग शहर आते हैं। लोगो संविधान का उल्लंघन होगा।
हालांकि बीजेपी के एक सदस्य ने कहा कि कृष्ण की फोटो के साथ अगर मथुरा पुलिस को लोगो दिया जा रहा है तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है। हर किसी को पता है कि मथुरा वृंदावन कृष्ण की जन्मस्थली है और उनसे जुड़ी है। ऐसे में भगवान की तस्वीर वाले लोगो पर आपत्ति क्यों?