राजस्थान के भरतपुर जिले में तेज आंधी से एक शादी के दौरान लोगों पर मैरिज हॉल की दीवार गिर गई। घटना बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे की है जब चामुंडा देवी इलाके में स्थित अन्नपूर्णा शादी घर में लोग एक समारोह में शामिल होने के लिए जमा हुए थे। इस हादसे में 23 लोगों की मौत हो गई और 25 से ज्यादा घायल बताए जा रहे हैं। घायल हुए लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के वक्त लोग खाना खा रहे थे। अचानक आई तेज आंधी के कारण लोग दीवार के सहारे खड़े हो गए, तभी वह दीवार उन पर गिर गई और पूरा जश्न मातम में बदल गया। मृतकों में, 11 पुरूष, 4 बच्चे और 8 महिलाएं शामिल हैं।मृतकों और घायलों में जयपुर से आई बारात के बाराती भी शामिल हैं। समारोह में करीब 800 लोग मौजूद थे। मरने वालों की तादाद बढ़ सकती है।
भरतपुर के एसएसपी अनिल कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मलबे में दबे लोगों को निकाला और उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है।