कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव का शुक्रवार को दिल्ली-लखनऊ फ्लाइट में आमना-सामना हुआ। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीर में दोनों नेता दिखाई दिए। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे का अभिवादन किया।
2017 में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने किया था गठबंधन
बता दें कि प्रियंका गांधी वाड्रा लखनऊ जा रही थीं वहीं, अखिलेश यादव भी दिल्ली के अपने दौरे के बाद लौट रहे थे। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में चुनाव नजदीक हैं, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी भाजपा और योगी आदित्यनाथ सरकार की आलोचना में मुखर रही हैं। इससे पहले 2017 में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने गठबंधन किया था लेकिन यह कामयाब नहीं हो पाया था।
कांग्रेस ने सिर्फ सात सीटें और सपा ने 47 सीटों पर जीत हासिल की थी। सपा के साथ गठबंधन में कांग्रेस ने 105 सीटों पर चुनाव लड़ा था और पार्टी के खराब प्रदर्शन के चलते अखिलेश यादव की सत्ता में वापसी नहीं हो सकी थी। हालांकि इस बार अखिलेश यादव ने साफ किया है कि वह कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं करेंगे।
इस बार कांग्रेस और सपा एक दूसरे पर हमलावर हैं
अखिलेश यादव ने एक इंटरव्यू में कहा, “हमारा 2017 में अच्छा अनुभव नहीं रहा – हमने उन्हें 100 से अधिक सीटें दीं लेकिन हम जीत नहीं सके। यूपी ने कांग्रेस को खारिज कर दिया है। मैं उनके साथ कोई गठबंधन नहीं करूंगा।” कांग्रेस भी समाजवादी पार्टी के साथ किसी भी तत्काल गठबंधन के खिलाफ है।
हाल ही में लखीमपुर की घटना के बाद, प्रियंका गांधी ने यूपी के नागरिकों की ओर से बोलने में विफल रहने के लिए अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायावती की खिंचाई की थी।