हिंदुस्तान के प्रति अपना प्रेम जाहिर करना पाकिस्तान में रह रहे एक युवक को भारी पड़ गया। इस युवक पर पाकिस्तान में देशद्रोह का मामला दर्ज किया गया है, और पुलिस ने इसे गिरफ्तार कर लिया है। हम आपको बताते है कि आखिर इस युवक का कसूर क्या है।

दरअसल, ये युवक पाकिस्तान के खैबर-पख्तूनख्वा का रहने वाला है। इस युवक का नाम साजिद शाह बताया जा रहा है। साजिद के दिल में हिंदुस्तान के लिए इतना प्यार है कि इसने अपने घर की दीवार पर ‘हिंदुस्तान जिंदाबाद’ लिखा हुआ था। जिसकी शिकायत स्थानीय लोगों ने पुलिस को कर दी।

पुलिस के अनुसार, साजिद के खिलाफ पाकिस्तानी दंड संहिता की धारा 505 के तहत देशद्रोह का मामला दर्ज किया गया है। शाह ने नारा अमाजई स्थित अपने घर के बाहर की दीवार पर हिंदुस्तान जिंदाबाद लिख रखा था। स्थानीय लोगों ने साजिद से इसे मिटाने को कहा। कुछ लोगों ने दीवार पर लिखे नारे की तस्वीरें खीचीं और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को ईमेल कर दीं।

स्टेशन हेड आफिसर (एसएचओ) ने बताया कि ऊपर से आदेश आने के बाद हमने साजिद को गिरफ्तार किया है। इसके आगे कुछ भी बताने से इंकार कर दिया।  आपको बता दें कि हिंदुस्तान और हिंद शब्द का प्रयोग अक्सर अरबी तथा ईरानी लोग दक्षिण एशिया के लिए किया करते थे। 1947 में देश के आजाद होने के बाद से अब सामान्यत: इसका भारत के संदर्भ में प्रयोग होता है।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार फैक्ट्री में मजदूरी करने वाले साजिद को भारतीय फिल्में और गाने बहुत पसंद हैं। पुलिस ने बताया कि साजिद पर भारतीय फिल्मों का इतना असर है कि वह खुलकर भारत की तारीफ करता है। पाकिस्तानी अखबार के मुताबिक साजिद को सात साल तक की जेल हो सकती है और उसे जुर्माना भी भरना पड़ सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here