बच्चों के कल्याण के लिए काम करने वाली संयुक्त राष्ट्र की संस्था यूनिसेफ ने एक रिपोर्ट जारी कर खुलासा किया है कि नवजात बच्चों के जन्म के लिहाज से पाकिस्तान सबसे ज्यादा जोखिम भरा देश है। जापान जन्म के लिए सबसे सुरक्षित देश है। वहीं, भारत को उन दस देशों में रखा गया है, जहां नवजात बच्चों को जीवित रखने के लिए सबसे ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है।
यूनिसेफ की जारी ताजा रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान में हर 22 बच्चों में से एक बच्चा जन्म के 30 दिनों के अंदर ही दम तोड़ देता है। पाकिस्तान में नवजात मृत्यु दर (mortality rate) 45.6 का है। यानी हर एक हज़ार बच्चों में 45.6 बच्चे मर जाते हैं।
भारत को उन दस देशों में रखा गया है जहां नवजात बच्चों को जीवित रखने के लिए सर्वाधिक ध्यान देने की जरूरत है। भारत में नवजात मृत्यु दर (mortality rate) 25.4 है। यानी हर 1000 जीवित बच्चों में 25.4 की मौत हो जाती है। जो कि पाकिस्तान से बेहतर है। लेकिन 52 “निचले मध्य-आय वाले देशों” के बीच भारत का 12 वां स्थान है।
जापान जन्म के लिए सबसे सुरक्षित देश है, जहां 1,000 बच्चों में जन्म के 30 दिनों के अंदर सिर्फ एक बच्चे की मौत होती है। दुनियाभर में 2.6 मिलियन बच्चे हर महीने एक महीने के भीतर मर जाते हैं – हर दिन 7,000 मौतें होती हैं। इनमें से, भारत – जहां 26 मिलियन बच्चे एक साल में पैदा होते हैं 640,000 हर साल नवजात की मौत होती है।
जापान के बाद सबसे कम नवजात शिशु मृत्यु दर वाले देशों में आइसलैंड, सिंगापुर है। जबकि सर्वाधिक मृत्युदर वाले 10 देशों में आठ उप—सहारा अफ्रीकी देश हैं और दो दक्षिण एशिया के हैं। इस सूची में दूसरे स्थान पर मध्य अफ्रीकी गणराज्य, तीसरे पर अफगानिस्तान और चौथे पर सोमालिया है।