सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर फैल रहे अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट को लेकर भारत सरकार की सख्ती के बाद बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। प्लेटफॉर्म के मालिक एलॉन मस्क ने अब स्वीकार किया है कि कंटेंट मॉडरेशन को लेकर चूक हुई और उन्होंने भारत के कानूनों के अनुरूप काम करने का भरोसा दिया है।
सरकारी निर्देशों के बाद एक्स ने अपने प्लेटफॉर्म पर मौजूद आपत्तिजनक सामग्री के खिलाफ कदम उठाते हुए सैकड़ों अकाउंट हटाए हैं। समाचार एजेंसी ANI के अनुसार, एक्स ने करीब 600 अकाउंट डिलीट किए हैं, जबकि लगभग 3,500 पोस्ट्स को ब्लॉक किया गया है। कंपनी ने साफ किया है कि आगे से प्लेटफॉर्म पर इस तरह के कंटेंट को अनुमति नहीं दी जाएगी और सभी सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा।
यह कार्रवाई उस समय सामने आई है, जब एक हफ्ते पहले इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने एक्स पर मौजूद आपत्तिजनक कंटेंट को चिन्हित करते हुए कंपनी को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए थे। मंत्रालय की चेतावनी के बाद ही एक्स की ओर से यह सख्त फैसला लिया गया।
गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से एक्स पर सर्कुलेट हो रहे अश्लील कंटेंट को लेकर विवाद गहराया हुआ था। कई यूजर्स पर आरोप लगे थे कि वे Grok AI की मदद से आपत्तिजनक सामग्री तैयार कर रहे हैं, जिसे लेकर सोशल मीडिया और अन्य मंचों पर तीखी आलोचना भी हुई थी।
Grok AI क्या है?
Grok एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित चैटबॉट है, जिसे एलॉन मस्क की कंपनी xAI ने विकसित किया है। इसे एक्स प्लेटफॉर्म के जरिए इस्तेमाल किया जा सकता है और इसके लिए अलग से ऐप भी उपलब्ध है।
Grok AI को लेकर विवाद क्यों?
हाल के दिनों में Grok द्वारा बनाई जा रही अश्लील इमेज और उसके एडिटिंग फीचर्स सवालों के घेरे में आ गए थे। आरोप है कि कुछ लोग इसका दुरुपयोग कर महिलाओं और नाबालिगों की तस्वीरों से आपत्तिजनक कंटेंट तैयार कर रहे थे। इस मामले को गंभीर मानते हुए मोदी सरकार ने एक्स को सख्त निर्देश दिए, जिसके बाद एलॉन मस्क की कंपनी ने कार्रवाई करते हुए नियमों के पालन का आश्वासन दिया है।









