Uttarakhand Politics: कांग्रेस के पूरोला से विधायक राजकुमार BJP में हुए शामिल

0
404

Uttarakhand Politics: उत्तराखंड की पुरोला विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक राजकुमार (Rajkumar) भाजपा (BJP) में शामिल हो गए हैं। उन्होंने रविवार को दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (Dharmendra Pradhan), राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी (Anil Baluni), उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) और प्रदेश पार्टी अध्यक्ष मदन कौशिक (Madan Kaushik) ने राजकुमार का पार्टी में स्वागत किया।

विधानसभा चुनाव से पहले ज्यादातर पार्टियां लगातार कद्दावर नेताओं को अपने ओर खींचने की कवायद में लगी हुई है। देखा जाए तो BJP इसमें सबसे आगे है। हाल ही में धनोल्टी विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार भाजपा में शामिल हो चुके हैं।

कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले राजकुमार का पार्टी बदलना कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। हालांकि, राजकुमार पहले भाजपा से विधायक भी रह चुके हैं और साल 2017 के विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी न बनाए जाने पर कांग्रेस में शामिल हुए थे। BJP में शामिल होने के बाद राजकुमार ने कहा कि भाजपा पिछड़ी जाति के लोगों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है जबकि कांग्रेस ने आजादी के बाद से इन लोगों को सब्सिडी पर निर्भर बनाया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा का शानदार काम देखकर वह पार्टी में शामिल हुए।

ये भी पढ़ें-उत्तराखंड पहुंचे दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने की बड़ी घोषणा, कहा- देवभूमि उत्तराखंड बनाई जाएगी आध्यात्मिक राजधानी

गौरतलब है कि अगले साल मार्च-अप्रैल में पांच राज्यों के साथ उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। इसे देखते हुए सभी दलों ने तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही नेताओं ने भी पाला बदलना शुरू कर दिया है।