Sushil Modi: बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने उत्तर प्रदेश की फूलपुर सीट से 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ने की अटकलों को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, “नीतीश बिहार से इतने डर गए हैं कि वह उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ने की सोच रहे हैं। उन्हें पता है कि उनकी पार्टी बिहार में दो सीटें भी नहीं जीत पाएगी। नीतीश को फूलपुर से चुनाव लड़ना चाहिए जैसा कि अखिलेश यादव ने पेशकश की थी। भाजपा नेता ने दावा किया कि नीतीश अपनी जमानत भी नहीं बचा पाएंगे।
Sushil Modi ने नीतीश कुमार पर साधा निशाना
सुशील ने नीतीश कुमार को याद दिलाया कि समाजवादी पार्टी (सपा) ने क्रमशः कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के साथ गठबंधन करने के बावजूद, भाजपा ने 2014 और 2019 में उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव जोरदार ढंग से जीता था। सुशील ने कहा, “हम नीतीश कुमार को देश की किसी भी सीट से चुनाव लड़ने की चुनौती दे रहे हैं। भाजपा उन्हें नहीं छोड़ेगी और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि उनकी जमानत जब्त हो।

यूपी, बिहार और झारखंड, कहीं से भी चुनाव लड़ सकते हैं नीतीश: राजद
इस बीच, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने नीतीश के उत्तर प्रदेश से लोकसभा चुनाव लड़ने की संभावना का स्वागत किया है। राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा, ‘नीतीश कुमार उत्तर प्रदेश, बिहार या झारखंड की किसी भी सीट से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। इसके लिए अखिलेश यादव ने भी नीतीश कुमार का समर्थन किया है। विपक्ष को एकजुट करने के नीतीश कुमार के प्रयासों का एक ही विचारधारा वाले सभी राजनीतिक दल समर्थन कर रहे हैं।
बता दें कि सुशील मोदी का यह बयान उन अटकलों के बीच आया है कि नीतीश कुमार उत्तर प्रदेश के फूलपुर से चुनाव लड़ सकते हैं। खबरों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नीतीश कुमार को राज्य में अपनी पसंद की किसी भी सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया है और अपनी पार्टी के समर्थन का वादा किया है।
यह भी पढ़ें:
- नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे KCR, लगाया ‘भाजपा मुक्त भारत’ का नारा
- Kailash Vijayvargiya ने दिया विवादित बयान, बोले- “नीतीश कुमार ऐसे पाला बदलते हैं जैसे लड़कियां बॉयफ्रेंड बदलती हैं”