बीजेपी ने सपा के पूर्व सांसद को मैनपुरी से बनाया प्रत्याशी, डिंपल के खिलाफ लड़ेंगे उपचुनाव

शाक्य 2012 में सपा के टिकट पर इटावा सदर से विधायक भी बने थे।

0
198
Mainpuri By-election: सपा प्रत्याशी डिंपल यादव और बीजेपी प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य
Mainpuri By-election: सपा प्रत्याशी डिंपल यादव और बीजेपी प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य

Mainpuri By-election: सपा संरक्षक और यूपी के पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद मैनपुरी लोकसभा सीट खाली हो गई थी। अब इस सीट पर उपचुनाव होने को है। इसके लिए यहां राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सपा ने यहां से डिंपल यादव को प्रत्याशी बनाया है, वहीं अब बीजेपी ने भी अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। भाजपा ने मैनपुरी से सपा के पूर्व सांसद और बीजेपी नेता रघुराज सिंह शाक्य को चुनावी मैदान में डिंपल के खिलाफ उतारा है। इससे मैनपुरी की यह चुनावी लड़ाई और भी दिलचस्प हो गई है।

Mainpuri By-election: रघुराज सिंह शाक्य (फाइल फोटो)
Mainpuri By-election: रघुराज सिंह शाक्य (फाइल फोटो)

Mainpuri By-election: 5 विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर है उपचुनाव

बता दें कि उत्तर प्रदेश में दो विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव होने को हैं। बीजेपी ने मंगलवार को इन तीनों सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने रामपुर विधानसभा सीट से आकाश सक्सेना और खतौली विधानसभा सीट से राजकुमारी सैनी को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं, मैनपुरी लोकसभा सीट से बीजेपी ने रघुराज सिंह शाक्य को उतारा है। इसके अलावा बीजेपी ने बिहार, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के एक-एक विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भी प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। भाजपा ने बिहार के कुरहानी से केदार प्रसाद गुप्ता, राजस्थान के सरदार शहर से अशोक कुमार पिंचा और छत्तीसगढ़ के भानुप्रतापपुर से ब्रह्मानंद नेताम को प्रत्याशी बनाया है।

सपा के दो बार सांसद रह चुके हैं रघुराज शाक्य

बता दें कि मैनपुरी से बीजेपी के प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य, भाजपा में आने से पहले प्रसपा और सपा के भी नेता रह चुके हैं। रघुराज शाक्य साल 1999 और 2004 में सपा यानी समाजवादी पार्टी से इटावा से दो बार सांसद रह चुके हैं। शाक्य 2012 में सपा के टिकट पर इटावा सदर से विधायक भी बने थे। 27 जनवरी 2017 को रघुराज शाक्य ने सपा से इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद वे शिवपाल यादव की प्रसपा में शामिल हो गए थे। मालूम हो कि प्रदेश में 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में रघुराज शाक्य ने इटावा सदर सीट से दावेदारी की मांग की थी, लेकिन प्रसपा और सपा गठबंधन ने यहां से सपा प्रत्याशी सर्वेश शाक्य को प्रत्याशी बना दिया था। इस कारण रघुराज शाक्य प्रसपा छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे। अब बीजेपी ने मैनपुरी से उन्हें सपा प्रत्याशी डिंपल यादव के खिलाफ मैदान में उतार दिया है।

यह भी पढ़ेंः

मैनपुरी उपचुनाव में डिंपल यादव ने भरा पर्चा, अखिलेश बोले- सपा की होगी ऐतिहासिक जीत

अलमारी में लिव-इन पार्टनर का शव, कमरे में दूसरी लड़की, जानिए खौफनाक श्रद्धा मर्डर केस से जुड़े नए राज