IPL 2026: वैभव सूर्यवंंशी नहीं…पंजाब किंग्स के धाकड़ ओपनर का है सबसे बेस्ट स्ट्राइक रेट; अभिषेक से लेकर टिम डेविड को छोड़ा पीछे

0
0

आईपीएल 2026 का सीजन जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच मुकाबला और भी दिलचस्प होता जा रहा है। इस बार जहां कई युवा खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से सुर्खियां बटोर रहे हैं, वहीं कुछ अनुभवी खिलाड़ी भी लगातार दमदार खेल दिखा रहे हैं।

इसी कड़ी में पंजाब किंग्स के उभरते बल्लेबाज प्रियांश आर्या ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा है। 200 से ज्यादा स्ट्राइक रेट के साथ रन बनाते हुए आर्या इस सीजन के सबसे आक्रामक बल्लेबाजों में शामिल हो गए हैं। उन्होंने कई बड़े नामों को पीछे छोड़ते हुए यह साबित किया है कि वह लंबे समय तक टीम के लिए मैच विनर साबित हो सकते हैं।

200+ स्ट्राइक रेट के साथ धमाल

प्रियांश आर्या ने इस सीजन में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से अलग पहचान बनाई है। उनका स्ट्राइक रेट 248 से ऊपर रहा है, जो उन्हें बाकी बल्लेबाजों से काफी आगे खड़ा करता है। लगातार बड़े शॉट्स लगाते हुए उन्होंने विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। खास तौर पर रविवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने महज 37 गेंदों पर 93 रन ठोककर (250+ स्ट्राइक रेट) टीम को 254/7 के विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

उन्होंने, अभी तक सूर्यवंशी (स्ट्राइक रेट-236) के साथ-साथ अभिषेक शर्मा (229+ स्ट्राइक रेट ), टिम डेविड (203+ स्ट्राइक रेट) जैसे पावर हिटर्स को भी इस मामले में पीछे छोड़ दिया है। यही वजह है कि आर्या को इस सीजन का ‘डार्क हॉर्स’ भी माना जा रहा है। बताते चलें कि ये आंकड़े कम से कम चार मुकाबलों में बल्लेबाजी करने के बाद के हैं।

ऑरेंज कैप की रेस में कौन आगे?

इस सीजन में ऑरेंज कैप की रेस बेहद रोमांचक बनी हुई है। फिलहाल टॉप-5 बल्लेबाजों में कई बड़े नाम शामिल हैं:

  • हेनरिक क्लासेन – 283 रन
  • शुभमन गिल – 251 रन
  • विराट कोहली – 247 रन
  • वैभव सूर्यवंशी – 246 रन
  • रजत पाटीदार – 230 रन

इन आंकड़ों से साफ है कि बल्लेबाजों के बीच कांटे की टक्कर चल रही है और हर मैच के साथ यह सूची बदल सकती है। खास बात यह है कि युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का मिश्रण इस रेस को और भी दिलचस्प बना रहा है।

युवा बनाम अनुभव: दिलचस्प जंग

जहां एक ओर सूर्यवंशी जैसे युवा खिलाड़ी अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से छाप छोड़ रहे हैं, वहीं विराट कोहली और क्लासेन जैसे अनुभवी खिलाड़ी निरंतरता के दम पर शीर्ष पर बने हुए हैं।

यशस्वी जायसवाल और कूपर कॉनॉली जैसे बल्लेबाज भी इस रेस में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, जिससे यह मुकाबला और भी कड़ा हो गया है।

पर्पल कैप की रेस में कौन आगे?

गेंदबाजों की बात करें तो इस बार पर्पल कैप की रेस भी उतनी ही रोमांचक है।

  • अंशुल कंबोज (CSK) – 13 विकेट
  • प्रिंस यादव(PBKS) – 11 विकेट
  • प्रसिद्ध कृष्णा (GT) – 11 विकेट
  • भुवनेश्वर कुमार (RCB) – 10 विकेट
  • रवि बिश्नोई (RR) – 10 विकेट

इन गेंदबाजों ने अपने-अपने टीमों के लिए अहम मौकों पर विकेट निकालकर मैच का रुख बदला है। खासकर कंबोज का प्रदर्शन इस सीजन में शानदार रहा है, जिसने उन्हें टॉप पर पहुंचाया है।

क्या कहते हैं आंकड़े?

इस सीजन के आंकड़े यह दर्शाते हैं कि टी20 क्रिकेट में आक्रामक बल्लेबाजी का महत्व लगातार बढ़ रहा है, अधिकतर मुकाबलों में 200+ स्कोर बनाए जा रहे हैं और चेज भी किए जा रहे हैं। जहां बल्लेबाज तेज रन बना रहे हैं, वहीं गेंदबाजों को भी नई रणनीतियों के साथ वापसी करनी पड़ रही है।

आईपीएल 2026 में अब तक का सफर बेहद रोमांचक रहा है। प्रियांश आर्या जैसे युवा खिलाड़ियों ने जहां नई पहचान बनाई है, वहीं क्लासेन और कोहली जैसे बड़े नाम लगातार अपनी छाप छोड़ रहे हैं।

आने वाले मुकाबलों में ऑरेंज और पर्पल कैप की यह जंग और भी दिलचस्प होने वाली है, जहां हर मैच के साथ समीकरण बदलते नजर आएंगे।