भारतीय निशानेबाज़ अपूर्वी चंदेला और रवि कुमार की जोड़ी ने 18वें एशियाई खेलों में रविवार को निशानेबाज़ी में 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में 429.9 का स्कोर कर कांस्य पदक के साथ इन खेलों में भारत का पदक खाता खोल दिया।

राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण विजेता मनु भाकर और अभिषेक वर्मा की जोड़ी को 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा के क्वालिफिकेशन में ही बाहर होना पड़ा। पुरूष और महिला ट्रैप स्पर्धाओं में भारतीय निशानेबाज़ों का प्रदर्शन अच्छा रहा और इन स्पर्धाओं में उतरे चारों निशानेबाज़ पदक होड़ में बने हुये हैं। ट्रैप स्पर्धाओं के क्वालिफिकेशन के पहले दिन अनुभवी मानवजीत सिंह संधू पुरूष वर्ग में 72 अंकों के साथ शीर्ष पर और लक्ष्य श्योरण 71 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर हैं जबकि महिला वर्ग में श्रेयसी सिंह 71 अंकों के साथ दूसरे और सीमा तोमर इतने ही अंकों के साथ चौथे स्थान पर हैं

भारत का पिछले एशियाई खेलों में पदक खाता निशानेबाजी से खुला था और इस बार भी निशानेबाजों ने ही देश को पहला पदक दिलाया। भारतीय खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कांस्य पदक जीतने वाले अपूर्वी और रवि को इस प्रदर्शन के लिये बधाई दी। अपूर्वी और रवि ने 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम वर्ग के फाइनल में तीसरे स्थान पर रहते हुये कांस्य पदक जीता। भारतीय जोड़ी ने कुल 429.9 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता। इस स्पर्धा में चीनी ताइपे की यिंगशिन लिन और शाओचुआन लू की जोड़ी ने खेलों का रिकार्ड बनाते हुये 494.1 अंक के साथ स्वर्ण तथा रूझू झाओ और हारोन यांग की चीनी जोड़ी ने 492.5 अंकों के साथ रजत जीता।

हालांकि अपूर्वी और रवि की भारतीय जोड़ी ने फाइनल में अच्छी शुरूआत की और काफी समय तक दूसरा स्थान बनाये रखा। लेकिन 34 शॉट्स के बाद वे तीसरे स्थान पर खिसक गये। 38 शॉट्स के बाद भारतीय जोड़ी 390.2 के स्कोर पर चीन के साथ संयुक्त दूसरे पायदान पर पहुंची लेकिन अंत में चीन ने भारत को तीसरे पायदान पर पछाड़ दिया। भारतीय जोड़ी ने क्वालिफिकेशन में 208.6 208.7 206.7 211.3 के स्कोर किये और कुल 835.3 के स्कोर के साथ फाइनल में जगह बनाई और पदक जीतकर ही दम लिया।

10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में 16 साल की मनु और 29 साल के अभिषेक ने निराश किया। दोनों ने कुल 759 का स्कोर किया और फाइनल के लिये क्वालीफाई नहीं कर पाये। भारतीय जोड़ी ने छठा स्थान हासिल किया जबकि शीर्ष पांच जोड़ियों ने फाइनल में जगह बनाई।

मनु ने 94, 93, 97, 94 के स्कोर किये और 378 अंक जुटाये जबकि 29 वर्षीय अभिषेक ने 95,94,95,97 के स्कोर किये। दोनों ने टीम क्वालिफिकेशन में कुल 189 187 192 191 के स्कोर किये लेकिन क्वालीफाई करने से चूक गये। चीन ने एशियाई खेलों का रिकार्ड स्कोर 769 बनाकर ग्रुप टॉप किया।

इससे पहले शनिवार को इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में एशियाई खेलों के 18वें संस्करण का आगाज हुआ। उद्घाटन समारोह का रंगारंग कार्यक्रम जकार्ता के गेलोरा बंग कार्नो स्टेडियम में हुआ। उद्घाटन समारोह में इंडोनेशिया के प्रेसीडेंट बाइक पर स्‍टेज पर पहुंचे और उन्होंने शानदार एंट्री मारी। प्रेसीडेंट बाइक पर टंट दिखाते सबके बीच आए।

उद्घाटन समारोह में भालाफेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने तिरंगा थामे भारतीय दल की अगुवाई की। सभी भारतीय  खिलाड़ियों के चेहरे पर एक अलग ही जोश दिखा, हिमा दास दल में झूमती हुई नजर आई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here