Tamil Nadu Politics: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री M. K. Stalin ने एक बार फिर अपने परंपरागत गढ़ कोलाथुर सीट से नामांकन दाखिल किया। यह वही सीट है, जहां से वे 2011, 2016 और 2021 में लगातार जीत दर्ज कर चुके हैं।
नामांकन दाखिल करने के बाद स्टालिन ने भरोसा जताया कि इस बार जनता का समर्थन पहले से अधिक मजबूत है और उनकी जीत का अंतर भी बढ़ेगा। उन्होंने चुनाव को “तमिलनाडु बनाम दिल्ली” की लड़ाई बताते हुए कहा कि राज्य की जनता उनके गठबंधन के साथ खड़ी है।
विजय की एंट्री से मुकाबला हुआ दिलचस्प
वहीं, दूसरी ओर साउथ सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता विजय (Vijay) ने भी चुनावी मैदान में कदम रख दिया है। उनकी पार्टी Tamilaga Vettri Kazhagam (TVK) पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रही है।
विजय ने चेन्नई के पेरम्बूर सीट से अपना नामांकन दाखिल किया और यहीं से अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत भी कर दी। इसके अलावा वे तिरुचि पूर्व सीट से भी चुनाव लड़ रहे हैं।
तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव 23 अप्रैल को एक ही चरण में आयोजित किए जाएंगे, जिसमें राज्य की सभी 234 सीटों पर मतदान होगा। वोटों की गिनती 4 मई को की जाएगी।
DMK पर विजय का तीखा हमला
नामांकन के बाद विजय ने सत्तारूढ़ DMK और स्टालिन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सत्ता का दुरुपयोग किया जा रहा है। साथ ही, उन्होंने स्टालिन परिवार पर राज्य के संसाधनों के दुरुपयोग के आरोप भी लगाए।
चुनाव से पहले अभिनेता से नेता बने विजय ने अपनी पार्टी का घोषणापत्र जारी किया, जिसमें सामाजिक सुधार और युवाओं के कल्याण से जुड़े कई अहम वादे किए गए। उन्होंने स्कूलों और कॉलेजों में “एंटी-ड्रग प्रोटेक्शन ज़ोन” बनाने और छात्रों के लिए मासिक आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया।
चेन्नई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विजय ने कहा कि उनका लक्ष्य एक नशामुक्त और आत्मनिर्भर तमिलनाडु बनाना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि युवाओं को सुरक्षित वातावरण देने के लिए नशे के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
विजय ने जनता से अपील की कि वे इस बार बदलाव के लिए मतदान करें और DMK सरकार को सत्ता से बाहर करें।
एक ओर जहां स्टालिन अनुभव और स्थिरता के साथ चुनाव मैदान में हैं, वहीं विजय नई राजनीति और बदलाव के एजेंडे के साथ जनता के बीच उतर रहे हैं। ऐसे में तमिलनाडु का यह चुनाव दिलचस्प मोड़ लेता नजर आ रहा है।









