समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को स्पष्ट कहा कि उनकी पार्टी मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेगी। हालांकि उन्होंने अन्य दलों से गठबंधन के संबंध में कुछ साफ नहीं कहा।श्री यादव ने यहां मीडिया से चर्चा के दौरान एक प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि सपा ने मध्यप्रदेश में चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। उनकी पार्टी गठबंधन के पक्ष में है। देश के लिए लड़ाई कमजोर नहीं पड़ेगी। हालांकि उनका दल प्रदेश में होने वाली चुनावी दंगल का हिस्सा होगा।

उन्होंने बताया कि पार्टी ने प्रदेश में 51 प्रभारी भेजे थे। इन प्रभारियों ने विभिन्न जिलों में दल की ताकत के संबंध में संगठन को रिपोर्ट दी है। सपा ने प्रदेश में विभिन्न उपचुनावों में कांग्रेस का समर्थन किया था। कांग्रेस से गठबंधन के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उनके प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और कांग्रेस से अच्छे संबंध हैं, लेकिन इस बारे में कोई चर्चा नहीं हुई है।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी के बयान कि मुख्यमंत्री का पद फूलों की सेज नहीं है, के बारे में उन्होंने कहा कि वे श्री कुमारस्वामी को गठबंधन सरकार चलाने के लिए बधाई देंगे, यह एक साहसिक काम है।जब उनसे पूछा गया कि क्या वे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी या खुद को प्रधानमंत्री पद का दावेदार मानते हैं, तो उन्होंने सवाल को टालते हुए कहा कि जनता नई सरकार और नए प्रधानमंत्री के पक्ष में है।

सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर भारतीय जनता पार्टी पर भड़कते हुए श्री यादव ने कहा कि सोशल मीडिया लोगों को जोड़ने के प्लेटफॉर्म के रूप में देखा जाता था, लेकिन भाजपा ने उसका इस्तेमाल लोगों को बांटने में किया है। भाजपा सोशल मीडिया से डिजिटल नफरत फैला रही है। सपा ने भी उनका जवाब देने के लिए डिजिटल फोर्स बनाई है।किसानों की दुर्दशा और महिलाओं के विरुद्ध बढ़ते अपराध को लेकर मध्यप्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि सपा का इरादा गरीब, किसान, युवा और अन्य वर्गों की आवाज बनना है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने किसानों को धोखा दिया है और 15 साल शासन में रहने के बावजूद महिलाओं को सुरक्षा देने में नाकाम रही है। मध्यप्रदेश में व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) में भारी भ्रष्टाचार हुआ। कई लोग मारे गए, लेकिन अब तक सच सामने नहीं आया।उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने उत्तर प्रदेश में अभूतपूर्व विकास किया, जिसके आधार पर प्रधानमंत्री अनेक योजनाओं का शिलान्यास कर रहे हैं। मध्यप्रदेश में भी उनकी पार्टी विकास करेगी।उत्तर प्रदेश में पार्टी की हार के बारे में उन्होंने कहा कि सपा लोगों को समझाने में सफल नहीं रही, जबकि भाजपा जनता को गुमराह करने में कामयाब रही।

                                            साभार- ईएनसी टाईम्स

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here