उत्तर प्रदेश के जौनपुर में हो रही मूसलाधार बारिश ने लोक निर्माण विभाग के कार्य गुणवत्ता की पोल खोल दी है। बारिश के चलते पांच रोज पहले 54 लाख की लागत से तैयार हुयी सड़क बह गई।

जफराबाद के विधायक हरेंद्र सिंह  ने क्षेत्र में मानक के विपरीत सड़कों के निर्माण के लिए संबंधित ठेकेदार से एक करोड़ की वसूली करने के लिए प्रशासन को पत्र लिखा है। श्री सिंह ले मंगलवार को बताया कि जिले के रामदयालगंज बाजार से कुड़वां बाजार-परियावां मार्ग पर लोक निर्माण विभाग ने करीब एक हफ्ते पहले डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क का चौड़ीकरण निर्माण कराया था। इस पर 54 लाख रुपये की लागत आई थी। पांच दिन में ही सड़क बह गई।

इसी तरह से 12 लाख रुपये की लागत से कुड़वां-नवादा मार्ग, 15 लाख रुपये की लागत से कुद्दूपुर-नवादा मार्ग और 18 लाख की लागत से कुद्दूपुर-धनेजा मार्ग की मरम्मत का कार्य भी मानक के अनुरूप न होने से कुछ ही दिनों के भीतर सड़कें फिर जस की तस हो गईं।

ग्रामीणों ने इसकी शिकायत विधायक से की। विधायक ने उक्त सड़कों का निरीक्षण करने के बाद जिला प्रशासन को पत्र लिखकर संबंधित ठेकेदारों से करीब एक करोड़ रुपये की रिकवरी करने को कहा है। अधिशासी अभियंता विपिन राय ने कहा कि उक्त सड़कें मानक के विपरीत बनाई गई हैं। जांच की जा रही है। ठेकेदार को विभाग ने नोटिस दे दी गई है अरैी जल्द ही ठेकेदार को काली सूची में डाल दिया जाएगा।

                                                                                                             साभार-ईएनसी टाईम्स

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here