केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस के ऊपर हमलों की झड़ी लगा दी। रविशंकर प्रसाद डोकलाम विवाद से लेकर पीएनबी घोटाले तक कांग्रेस पर एक के बाद एक आरोप लगाए। उन्होंने  बैंक फ्रॉड और NPA को लेकर कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाया।

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि ज्वेलरी की इम्पोर्ट को लेकर एक 80:20 योजना यूपीए सरकार लेकर आई थी। पहले इस स्कीम में केवल सरकारी कंपनी को रखा गया था, लेकिन यूपीए सरकार ने 16 मई 2014 को तत्कालिन वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने 80:20 योजना के तहत 7 निजी कंपनियों को आशीर्वाद दिया। इसमें गीतांजलि ज्वेलर्स भी शामिल थी।

उन्होंने कहा की चिदंबरम और राहुल गांधी को यह बताना चाहिए कि नियम में बदलाव करके उन्होंने क्यों फायदा दिया। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि आजकल कांग्रेस NPA पर बात करते हैं, लेकिन 2008-18 के बीच 6 लाख करोड़ एडवांस बैंकों के द्वारा दिये गए, जो मार्च 2014 तक 52.1 लाख करोड़ हो गए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी भय और भ्रम की राजनीति कर रही है, ये निंदनीय है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी  को सुधारविरोधी पार्टी बताते हुए कहा कि कांग्रेस नहीं चाहती कि सुधार हो, अगर सुधार हुआ तो पारदर्शिता आएगी और एकाउंटबिलिटी आएगी। इससे कांग्रेस की परेशानियां बढ़ेंगी।

वहीं केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राफेल डील को लेकर कांग्रेस हमारे ऊपर सवाल उठा रही है। लेकिन कांग्रेस खुद बोफोर्स के भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। डोकलाम पर कांग्रेस सवाल पूछ रही थी, वहीं दूसरी तरफ राहुल गांधी चीन के अंबेसडर से मुलाकात कर रहे थे।

थर्ड फ्रंट की चर्चा पर रविशंकर ने कहा कि हर पार्टी को अधिकार है कि वो अपने विकास के लिए रणनीति तैयार करें। लेकिन असली जनादेश जनता का होता है।

उन्होंने कहा कि हम साफ कर देना चाहते है कि एक भी भ्रष्ट को नहीं छोड़ा जाएगा। कद और पद के आड़ में कोई बच नही सकता । बीजेपी पूरे देश में कांग्रेस के भय और भ्रम की राजनीति को एक्सपोज़ करने के लिए बड़ा अभियान चलाएगी।