कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अपनी मां सोनिया गांधी का इलाज कराने अमेरिका गए हैं जिसकी जानकारी खुद उन्होंने ट्विटर के जरिए दी। ट्वीट में राहुल ने बीजेपी की सोशल मीडिया टीम पर तंज कसते हुए कहा, कि मैं कुछ दिन के लिए सोनिया जी के सालाना मेडिकल चेकअप के लिए देश से बाहर रहूंगा। इस दौरान BJP सोशल मीडिया की ट्रोल आर्मी ज़्यादा काम ना करे। मैं जल्द ही लौट रहा हूं। बता दें कि उनके इस ट्वीट के बाद भाजपा ने भी उन पर निशाना साधा है।

भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर चुटकी लेते हुए कहा, कि हम सोनिया गांधी की जल्द सेहत में सुधार की दुआ करते हैं, लेकिन कर्नाटक की कैबिनट के बनने का इंतज़ार कर रहे हैं ताकि सरकार जल्द काम शुरू कर सके। क्या आप अमेरिका जाने से पहले इस बात को पक्का करेंगे कि कर्नाटक सरकार ठीक से काम करे? सोशल मीडिया उम्मीद करता है कि आप वहां से भी हमारा मनोरंजन करते रहेंगे।

दरअसल, राहुल गांधी के विदेश जाने के बाद सोशल मीडिया में इसको लेकर काफी मजाक उड़ाया जा रहा था। ऐसे में उन्होंने खुद ही अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर ट्वीट करके इसकी जानकारी दी। जिसके बाद भाजपा ने भी कांग्रेस पर चुटकी ली। विदित है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी रविवार रात सोनिया गांधी के साथ अमेरिका दौरे के लिए रवाना हो गए। और 15 जून तक उनके लौटने की संभावना जताई जा रही है। वैसे यह पहली बार नहीं है जब सोनिया इलाज के लिए विदेश जा रही हों। पिछले कुछ सालों में सोनिया कई बार इलाज के लिए विदेश जा चुकी हैं। हालांकि, उनकी बीमारी को लेकर कभी भी कांग्रेस पार्टी की तरफ से कोई अधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।

बता दें कि 23 मई को कर्नाटक में जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उसके बाद से अभी तक राज्य में कैबिनेट के गठन को लेकर कोई पक्का फैसला नहीं हो पाया है। सूत्रों के मुताबिक, कर्नाटक में होने वाली पोर्टफोलियो आवंटन की बैठक को भी राहुल गांधी के इस दौरे के कारण टाल दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here