पंजाब नेशनल बैंक नीरव मोदी घोटाले के केंद्र में रही मुंबई स्थित ब्राडी हाउस शाखा को बंद करने जा रहा है। खबर है कि बैंक के शीर्ष स्तर पर फैसला लिया गया है कि हाल में 11 हजार करोड़ के घोटाले को अंजाम देने वाली शाखा में अब बैंकिंग की सुविधा पूरी तरह से बंद कर दी जाएगी। बैंक की ये कवायद घोटाले के बाद अपनी साख पर लगे बट्टे को साफ करने के लिए है। खबर है कि मुंबई की इस पीएनबी शाखा से ऑपरेट हो रहे अपनी सभी अकाउंट को मुंबई की अन्य किसी शाखा में शिफ्ट किया जाएगा। ब्राडी हाउस शाखा आजादी से पहले बनी बिल्डिंग में स्थित है और इस शाखा में बैंक के विदेशी मुद्रा विभाग के साथ-साथ मध्यम आकार के कॉरपोरेट अकाउंट चलते हैं। इसके अलावा शाखा में कुल रिटेल बैंकिंग भी होती है।

बताया जा रहा है कि विदेशी विभाग और कॉरपोरेट अकाउंट को तत्काल प्रभाव से शिफ्ट कर दिया जाएगा लेकिन रिटेल ऑपरेशन को जारी रखा जाएगा।  खबर तो ये भी है कि ब्राडी हाउस शाखा से कुछ कर्मचारियों और 50 करोड़ रुपये तक के बड़े बैंक खातों को बेहतर संचालन के लिए अन्य कॉरपोरेट शाखा में शिफ्ट कर दिया जाएगा। वहीं ये भी दावा है कि बैंक ने अपने ज्यादातर बड़े खातों को आसपास की शाखा में शिफ्ट कर दिया है। फिलहाल बैंक की तरफ से शाखा को बंद करने का फैसला बैंक की साख को बचाने की कवायद है।

                                                                                                                ब्यूरो रिपोर्ट, एपीएन

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here