बिहार में नीतीश कुमार की अगुवाई वाली एनडीए मंत्रिमंडल के विस्तार का इंतजार खत्म हुआ। बिहार की जनता को आज उनके कैबिनेट मंत्री मिल गए है। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कई अटकले लगाई जा रही थी, आज सभी अटकलों पर विराम लग गया है। बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में मंत्रिमंडल गठन के 85 दिनों बाद अब नीतीश मंत्रिमंडल का आज यानी मंगलवार को विस्तार हो गया है। मंत्रिमंडल में 17 मंत्रियों ने शपथ ली है।

शाहनवाज हुसैन से कैबिनेट विस्तार की हुई शुरूवात

अभी नीतीश सरकार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को छोड़कर 13 मंत्री थे। इनमें जदयू से चार, भाजपा से सात, जबकि हम और वीआईपी कोटे के एक-एक मंत्री थे। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 12.30 बजे राजभवन के राजेन्द्र मंडप में आयोजित हुआ। 

शपथ ग्रहण की शुरूवात बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन से हुई उसके बाद बारी-बारी करके सभी नेताओं ने शपथ ली। बता दें कि मुख्यमंत्री आवास से मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अलर्ट मिलते ही सोमवार की शाम राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां आरंभ कर दी गई थीं। देर रात मुख्यमंत्री आवास से दोपहर 12.30 बजे शपथ ग्रहण समारोह आयोजित करने का विधिवत अनुरोध भी पहुंच गया।

16 नवंबर को हुई थी चर्चा

इससे पहले मंत्रिमंडल विस्तार के मसले पर सोमवार को ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पीएमसीएम परिसर में पत्रकारों से बातचीत में इसके संकेत दिए थे। कहा था कि सूची आते ही मंत्रिमंडल का विस्तार कर दिया जाएगा। उनका इशारा भाजपा की ओर था। 

गौरतलब है कि, 16 नवम्बर को मंत्रिमंडल गठन के साथ ही इसके विस्तार के कयास लगाए जाने लगे थे। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर प्रदेश भाजपा के वरीय नेता पहले ही राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक कर चुके हैं। 

बिहार विधानसभा में 243 सीटें है

बता दें कि, बिहार विधानसभा में 243 सीटें हैं। कुल संख्या का 15 प्रतिशत हिस्सेदारी मंत्रिमंडल में हो सकती है। इसके मुताबिक बिहार में सीएम सहित कुल 36 मंत्री हो सकते हैं। मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्री हैं तो इस हिसाब से मंत्रिमंडल में 22 मंत्रियों के शामिल होने की गुंजाइश है, लेकिन एनडीए से मिली जानकारी के मुताबिक फिलहाल इनमें से 4-5 सीट फिलहाल भविष्य के विस्तार के लिए खाली रखी जाएंगी। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here