NCRB Report:‘द केरल स्टोरी’ फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाई हुई है। फिल्म 5 मई को रिलीज हुई थी लेकिन इसपर विवाद इसके ट्रेलर आते ही शुरू हो गया था। दरअसल, ‘द केरल स्टोरी’ कथित लव जिहाद और हिंदू व क्रिश्चन लड़कियों का धर्म परिवर्तन कराकर उन्हें आतंकी संगठन में भेजने, पर बनी हुई है। इसके निर्माता फिल्म की कुछ कहानियों को सच भी बताते हैं। देश में एक वर्ग इस फिल्म का विरोध भी कर रहा है क्योंकि उनका आरोप है कि इस फिल्म में एक धर्म विशेष को टारगेट किया गया है। हालांकि, कहानी लड़कियों की लापता को लेकर है। दावा किया गया कि ऐसे ही करीब 37 हजार लड़कियों का धर्म परिवर्तन कराकर उन्हें सीरिया, इराक में आतंकी संगठन आईएसआईएस में भेजा गया।
वहीं, इस फिल्म को लेकर जहां एक ओर बीजेपी समर्थन कर रही है वहीं, देश में विपक्ष इसको एक एजेंडा बता रहा है। विपक्ष ने इसके लिए एनसीआरबी(नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो) की रिपोर्ट का भी हवाला दिया है। अब सवाल यह है कि केरल में गायब हुई लड़कियों को तो दिखाया जा रहा है लेकिन पूरे देश भर में लाखों की संख्या में जो लोग गायब हुए उनका क्या? इनमें लड़कियों और महिलाओं की संख्या हजारों में है। तो आइए जानते है क्या कहते हैं एनसीआरबी के आंकड़े…

NCRB Report:2021 में 3,89,844 लोग हुए लापता
नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो यानी एनसीआरबी ने साल 2021 में गायब हुए लोगों के आंकड़ जारी किए हैं। इसके अनुसार, देश भर में साल 2021 में कुल 3 लाख 89 हजार 844 लोग गायब हुए हैं। इनमें पुरुषों की संख्या 1 लाख 24 हजार 177 और महिलाओं की संख्या 2 लाख 65 हजार 481 है।
हालांकि, एनसीआरबी ने अनुसार, यह भी बात सामने आई है कि लापता लोगों में से ज्यादातर लोगों का पता लगा लिया गया है। आंकड़ों के अनुसार, कुल लापता लोगों में से 3,85,124 लोगों को इसी साल या तो ट्रेस कर लिया गया या फिर वे मिल गए। इनमें पुरुषों की संख्या 1 लाख 23 हजार 716 और महिलाओं की संख्या 2 लाख 61 हजार 278 है।

साल 2021 में गायब हुए 77,535 नाबालिग
इन आंकड़ों में अब बात करते हैं नाबालिगों की। यानी वे जिनकी उम्र 18 साल से कम है। एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार, साल 2021 में कुल 77 हजार 535 बच्चे लापता हुए। इसमें से लड़कों की संख्या 17,977 और लड़कियों की संख्या 59,544 है। रिपोर्ट के अनुसार, इनमें से 58 हजार 980 बच्चों को रिकवर भी कर लिया गया।
चूंकि आजकल देश में मुद्दा लड़कियों और महिलाओं के गायब होने पर तूल पकड़ा हुआ है। फिल्म में भी लड़कियों की ही बात की गई है जिन्हें धर्म परिवर्तन कराकर देश से बाहर भेज दिया जाता है। अब हम देश में उन कुछ राज्यों की बात करेंगे जहां से सबसे अधिक संख्या में महिलाएं गायब हुई हैं। इसकी शुरुआत केरल के आंकड़ों से ही करते हैं।

महिलाओं के लापता होने के आंकड़े
एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार, केरल में साल 2021 में 6,608 महिलाएं लापता हुईं। इनमें से 6,242 को ट्रेस या रिकवर कर लिया गया। मतलब की एक साल में 366 महिलाएं ऐसी रही जिन्हें पता नहीं लगाया जा सका। वहीं, नाबालिग लड़कियों की बात करें तो केरल में कुल 951 लड़कियां लापता हुईं जिनमें से 2021 तक 919 को खोज लिया गया। हालांकि इनमें से 32 लड़कियां ऐसी रही जिनका कुछ पता नहीं चल पाया है। आपको यहां बता दें कि केरल वह राज्य नहीं है जहां से देश भर में सबसे अधिक महिलाएं लापता हुई हैं।
अब हम आपको पांच राज्यों के बारे में बताने जा रहे हैं जहां से सबसे अधिक संख्या में महिलाएं लापता हुई हैं।
पश्चिम बंगाल- आंकड़े बताते हैं कि यहां कुल 35, 110 महिलाएं लापता हुईं।
मध्य प्रदेश- यहां कुल 33, 274 महिलाएं गायब हुईं।
महाराष्ट्रा- इस राज्य में कुल 20 हजार 630 महिलाएं लापता हुईं।
ओडिशा- यहां कुल 19 हजार 175 महिलाएं लापता हुईं।
राजस्थान- इस राज्य में कुल 11,781 महिलाएं लापता हुईं।
इनके अलावा कुछ ऐसे भी राज्य हैं जहां से महिलाएं हजारों की संख्या में लापता हुईं। जैसें- बिहार से 14,869, गुजरात से 15,221, उत्तर प्रदेश से 12,249, कर्नाटक से 14,201 और हरियाणा से 12,622 महिलाएं लापता हुईं।
इन महिलाओं के लापता होने के मुख्य कारण इन्हें बहला फुसलाकर दूसरे राज्यों मे ले जाकर देह व्यापार कराना, किसी रंजिश में अगवा और हत्या करना, पैसे का झांसा देकर शादी कराना समेत अन्य कारण हैं।
यह भी पढ़ेंः
Shradhdha Murder Case: आफताब अमीन पर हत्या करने और सबूत मिटाने के आरोप तय, अगली सुनवाई 1 जून को
The Kerala Story का मामला पहुंचा सुप्रीम कोर्ट, जानिए कब होगी सुनवाई?