Jawad Cyclone Live Tracking: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने आज ओडिशा और आंध्र प्रदेश की ओर आने वाले संभावित चक्रवाती तूफान Jawad से निपटने के लिए तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए। पीएम ने लोगों को प्रभावित क्षेत्रों से निकालने, आवश्यक सेवाओं को बनाए रखने और व्यवधान के मामलों में तेजी से बहाली के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में एक डिप्रैशन एक चक्रवाती तूफान की शक्ल ले सकता है जो ओडिशा और आंध्र प्रदेश में तटीय क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है। इस चक्रवाती तूफान का नाम Jawad रखा गया है। फिलहाल सभी संबंधित मंत्रालय और एजेंसियां संभावित चक्रवात के प्रभाव का मुकाबला करने के लिए मिलकर काम कर रही हैं।
एनडीआरएफ की 62 टीमें तैनात
राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की कुल 62 टीमों को चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश – आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में तैनात किया गया है। इनमें से 29 टीमों को नावों, ट्री-कटर और दूरसंचार उपकरणों से लैस किया गया है और 33 को स्टैंडबाय पर रखा गया है। साथ ही, तटरक्षक और नौसेना ने बचाव कार्य के लिए जहाजों और हेलीकॉप्टरों को तैनात किया है। वायुसेना के जवान और सेना के इंजीनियर कोर भी स्टैंडबाय पर हैं।
Jawad शनिवार तड़के दस्तक देगा
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात Jawad शनिवार तड़के आंध्र प्रदेश-ओडिशा तटों पर दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले दो दिनों में, अंडमान और निकोबार, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में ज्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी और अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होगी। कहा गया है कि शनिवार को ओडिशा के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। रविवार को, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय और त्रिपुरा के कुछ इलाकों में भी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अलर्ट के अनुसार अगले दिन असम, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने तटीय क्षेत्रों में 100 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवा चलने और समुद्र की खराब स्थिति की चेतावनी दी है और मछुआरों से इस दौरान समुद्र में न जाने को कहा है।
यह भी पढ़ें: क्या है ‘Jawad’? जानें सबकुछ