Galwan: भारतीय सेना के जवानों ने नए साल के मौक पर गलवान घाटी (Galwan Valley) में तिरंगा लहरा कर नए साल का स्वागत किया। अब पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में तिरंगा पकड़े सेना के जवानों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर जमकर शेयर की जा रही हैं। ये तस्वीरें चीन के सरकारी मीडिया द्वारा जारी गलवान घाटी के नजदीक चीनी सैनिकों के एक कथित वीडियो के सामने आने के तीन दिन बाद जारी की गईं हैं।
Galwan घाटी में भारतीय सेना ने मनाया नए साल का जश्न
एक तस्वीर में करीब 30 भारतीय सैनिक तिरंगे के साथ नजर आ रहे हैं। एक अन्य तस्वीर में सेना के जवानों के एक ग्रुप को देखा जा सकता है जिसमें उनमें से चार राष्ट्रीय ध्वज को पकड़े हुए हैं। सूत्रों के हवाले से एक मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि तस्वीरें 1 जनवरी को गलवान घाटी में ली गई थीं।
तस्वीरों को केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने अपने ट्विटर हैंडल के साथ पोस्ट किया था, “#NewYear2022 के अवसर पर गलवान घाटी में भारतीय सेना के बहादुर जवान।” नए साल के दिन, दोनों पक्षों के सैनिकों ने मिठाइयों का आदान-प्रदान किया और एक दूसरे को शुभकामनाएं दीं।
मालूम हो कि पैंगोंग झील के पास हिंसक झड़प के बाद 5 मई, 2020 को भारतीय और चीनी सेनाओं के बीच पूर्वी लद्दाख सीमा गतिरोध शुरू हो गया। दोनों पक्षों ने धीरे-धीरे हजारों सैनिकों के साथ-साथ भारी हथियारों के साथ तैनाती बढ़ा दी।
सैन्य और कूटनीतिक वार्ता के परिणामस्वरूप, दोनों पक्षों ने पिछले साल पैंगोंग झील के उत्तरी और दक्षिणी किनारे और गोगरा क्षेत्र से पीछे हटना शुरू किया था।
पिछले साल अक्टूबर में कोर कमांडर स्तर की सैन्य वार्ता के 13वें दौर के बाद भी सेनाओं के बीच गतिरोध कायम है। जिसके बाद 18 नवंबर को भारत और चीन पूर्वी लद्दाख में गतिरोध को खत्म करने और 14 वें दौर की सैन्य वार्ता को जल्द से जल्द आयोजित करने पर सहमत हुए।
संबंधित खबरें…
Galwan Valley पर China ने फिर किया दावा, नए साल पर फहराया झंडा, देखें वीडियो