दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण का समय बदला, पीएम मोदी समेत ये नेता होंगे मौजूद

0
7
दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण का समय बदला
दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण का समय बदला

दिल्ली में बनने वाली नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह का समय एक बार फिर बदला गया है। अब यह समारोह गुरुवार, 20 फरवरी को दोपहर 12:05 बजे होगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11:15 बजे होगी और यह 12:25 बजे तक चलेगा। पहले यह कार्यक्रम 11:00 बजे तय किया गया था। इसी बीच, रामलीला मैदान में तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं, और एसपीजी ने सुरक्षा की कमान संभाल ली है।

दिल्ली के उपराज्यपाल विनय सक्सेना नए मुख्यमंत्री को शपथ दिलाएंगे। रामलीला मैदान में 30,000 से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। समारोह के लिए तीन बड़े मंच तैयार किए गए हैं। पहले मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, उपराज्यपाल और दिल्ली के नए मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे। दूसरे मंच पर विभिन्न धर्मों के प्रमुख संत और धर्मगुरु बैठेंगे।

आज होगी बीजेपी पार्लियामेंट्री बोर्ड की बैठक

तीसरे मंच पर दिल्ली के सांसदों और नवनिर्वाचित विधायकों को स्थान दिया जाएगा। वहीं, फिल्मी हस्तियों के लिए मंच के नीचे विशेष स्थान तय किया गया है। इस कार्यक्रम के लिए 30,000 से अधिक लोगों को आमंत्रण भेजा गया है।

सूत्रों के अनुसार, आज (19 फरवरी) को सुबह 11:30 बजे बीजेपी पार्लियामेंट्री बोर्ड की अहम बैठक होगी। इस बैठक में दिल्ली के मुख्यमंत्री के नाम को अंतिम रूप दिया जाएगा। इससे पहले, प्रधानमंत्री आवास पर सुबह 10:30 बजे केंद्रीय कैबिनेट की बैठक होगी, जिसके बाद पार्लियामेंट्री बोर्ड की बैठक आयोजित की जाएगी।

फिलहाल मुख्यमंत्री पद के लिए किसी एक नाम की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन कई नाम चर्चा में बने हुए हैं। विधायक दल की बैठक के बाद ही नए मुख्यमंत्री के नाम की आधिकारिक घोषणा होगी। 11 फरवरी को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली के 10 नवनिर्वाचित विधायकों से मुलाकात की थी।

इन विधायकों में विजेंद्र गुप्ता, रेखा गुप्ता, अरविंदर सिंह लवली, अजय महावर, सतीश उपाध्याय, शिखा राय, अनिल शर्मा, डॉ. अनिल गोयल, कपिल मिश्रा और कुलवंत राणा शामिल थे। इन विधायकों में से तीन से चार नाम मुख्यमंत्री पद की दौड़ में माने जा रहे हैं।