कोरोना की महामारी विकराल रुप धारण कर चुकी है, लेकिन ऐसे में भी कुछ लोग लोगों की मजबूरी का फायदा उठा कर मुनाफाखोरी करने से बाज नहीं आ रहे हैं। राजनीति की आड़ में लोग कुछ लोग अपने रसूख का गलत फायदा उठाते वक्त इंसानियत भूल जा रहे हैं। फरीदाबाद क्राइम ब्रांच सेक्टर-17 की टीम ने ऑक्सीजन सिलेंडर की कालाबाजारी के आरोप में कांग्रेस के नेता को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 50 ऑक्सीजन सिलेंडर बरामद किए गए हैं। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी बिजेंद्र मावी तिगांव विधानसभा से विधानसभा का चुनाव भी लड़ चुका है। इसके अलावा बिजेंद्र मावी जिला कांग्रेस स्पोर्ट्स सेल का पदाधिकारी भी रह चुका है। हालांकि अब कांग्रेस पदाधिकारी आरोपी से पल्ला झाड़ रहे हैं और बता रहे कि अब पार्टी से उसका कोई संबंध नहीं है।

जानकारी के अनुसार, क्राइम ब्रांच को मुखिबर से सूचना मिली थी एक युवक के पास बड़ी मात्रा में ऑक्सीजन सिलेंडर हैं। वह उनकी कालाबाजारी करता है। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप मोर द्वारा टीम का गठन किया गया। ड्रग कंट्रोल इंस्पेक्टर संदीप के साथ मिलकर बताए गए स्थान पर जाकर जांच की तो आरोपी की टाटा 407 गाड़ी में 42 सिलेंडर और 8 सिलेंडर उसके घर से बरामद किए गए। आरोपी से सिलेंडर सप्लाई करने का लाइसेंस मांगा गया तो वह कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सका। उसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गाड़ी सहित सभी 50 सिलेंडर जब्त कर लिए गए।

1619263536 1073

गिरफ्तार किए गए आरोपी ने अपन नाम बिजेन्द्र मावी निवासी इन्द्रा कॉम्पलेक्स बताया। आरोपी इससे पहले प्राइवेट कंपनियों में ऑक्सीजन सिलेंडर सप्लाई का कार्य करता था। कोरोना काल में वह इन सिलेंडरों को प्राइवेट अस्पतालों में सप्लाई करने लगा। वह फरीदाबाद की विभिन्न एजेंसियों से सिलेंडर भरवाकर लाता था और आगे सप्लाई कर देता था।

आरोप है कि जब वह अस्पतालों के लिए सिलेंडर लेकर आता था तो वह उन सिलेंडर में से कुछ गैस निकाल लेता था और उसे महंगे दामों पर जरूरतमंद लोगों को बेच देता था। पुलिस का कहना है रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ की जाएगी कि वह सिलेंडर कहां से और कितने में लाता है और कितने में बेचता है। यह भी पता किया जाएगा कि वह सिलेंडर कहां-कहां बेचता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here