समाजवादी पार्टी नेता और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे आजम खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आजम के साथ ही उनके विधायक बेटे अब्दुल्ला आजम खान और आजम की पत्नी और सांसद ताजीन फातिमा के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है।

जानकारी के मुताबिक, दो बर्थ सर्टिफिकेट रखने के आरोप के चलते अब्दुल्ला आजम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इससे पहले भारतीय जनता पार्टी के नेता आकाश सक्सेना ने 20 दिसंबर को लखनऊ प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता के दौरान आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम खान पर दो जन्म प्रमाण पत्र रखने का आरोप लगाया था।

इसी मामले में जांच पूरी होने और आरोप के सही पाए जाने पर गुरुवार को जनपद रामपुर के थाना गंज में मोहम्मद आजम खान, उनकी सांसद पत्नी ताजीन फातिमा और विधायक बेटे अब्दुल्ला आजम खान पर धारा 193, 420, 467, 468 और 471 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

बीजेपी नेता आकाश सक्सेना ने मुकदमा दर्ज होने पर इसको न्याय की जीत बताया है और भरोसा व्यक्त किया है कि जल्द ही इस मामले में गिरफ्तारी भी होगी। आकाश सक्सेना ने आरोप लगाया था, ‘आजम खान और ताजीन फातिमा ने अपने बेटे आजम अब्दुल्ला के लिए दो बर्थ सर्टिफिकेट बनवाए हैं।

इन दोनों (आजम खान और ताजीन फातिमा) ने रामपुर में जन्म स्थान दिखाकर नगर पालिका रामपुर से पहला सर्टिफिकेट बनवाया। सूचना मांगने पर आगजनी में कागजात जलने की बात कही गई। दूसरे सर्टिफिकेट के लिए क्वीन मैरी हॉस्पिटल लखनऊ का जन्म प्रमाण पत्र लगाकर लखनऊ नगर निगम से दूसरा प्रमाण पत्र बनवाया।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here