Bihar के Gaya जिले में नक्सलियों ने एक बड़े हत्याकांड को अंजाम दिया है। मिल रही जानकारी के मुताबिक गया के डुमरिया प्रखंड में दुर्दांत नक्सलियों ने एक साथ कुल चार लोगों को मौत के घाट उतार दिया।
यहां नक्सलियों ने इस लोमहर्षक घटना को अंजाम दिया वह गया जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। यह घटना डुमरिया प्रखंड के मौनवार गांव में हुई। माओवादियों द्वारा मारे गये कुल 4 लोगों में से 2 महिलाएं भी हैं।

घटना स्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नक्सलियों ने मारे गये चारों लोगों को घर के बाहर बने खटाल (पशुओं को बांधने की जगह) में फांसी लगा दी। मारे गए लोगों में एक ही घर के दो पति और उनकी पत्नियां हैं। इस जघन्य कांड को अंजाम देने के बाद नक्सलियों ने उनके घर को भी बम से उड़ा दिया।
मारे गए लोगों में सतेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, मनोरमा देवी और सुनीता सिंह शामिल हैं। माओवादियों ने इस वारदात के बाद पर्चा लगाया, जिसमें लिखा है कि इंसानियत के हत्यारे, गद्दारों और विश्वासघातियों को सजा ए मौत देने के अलावा कोई और विकल्प नहीं है। ये उनके चार साथियों अमरेश, सीता, शिवपूजन और उदय की हत्या का बदला है।
खबरों के मुताबिक यह घटना शनिवार रात की है, जब नक्सलियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है।

नक्सलियों ने पहले घर धावा बोला, फिर सभी को फांसी दे दी और उसके बाद घर को बम से उड़ा दिया और जाते-जाते एक मोटरसाइकिल में भी आग लगा दी। इस संदर्भ में गया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य कुमार ने कहा कि नक्सलियों ने यह कायराना हरकत चुनाव में दबिश दिखाने के लिए की है।
बताया जा रहा है कि यह हत्या उसी जगह हुई है, जहां पूर्व में चार नक्सली पुलिस एनकाउंटर में मारे गए थे। घटना के बाद से पुलिस पूरे इलाके में सर्च अभियान चला रही है। वाहनों की चेकिंग की जा रही है और सुराग पता लगाने के लिए छापेमारी भी की जा रही है।
इसे भी पढ़ें: Chhattisgarh के Dantewada में 6 नक्सलियों ने किया Surrender