भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) जल्द ही अपने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम में एक बड़ा बदलाव कर सकता है। इस बदलाव का असर सीधे तौर पर टीम इंडिया के सबसे बड़े स्टार खिलाड़ियों—रोहित शर्मा और विराट कोहली—पर पड़ सकता है। खबरें हैं कि बीसीसीआई अपने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से A+ कैटेगरी को खत्म करने पर विचार कर रहा है, जिससे ‘रो-को’ की जोड़ी को बड़ा झटका लग सकता है।
सूत्रों और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रस्तावित बदलावों की स्थिति में विराट कोहली और रोहित शर्मा को B कैटेगरी में रखा जा सकता है। ऐसा होने पर यह दोनों सीनियर खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा डिमोशन माना जाएगा। फिलहाल रोहित और विराट A+ कैटेगरी का हिस्सा हैं, जिसके तहत उन्हें सालाना 7 करोड़ रुपये मिलते हैं। इसी ग्रेड में भारतीय तेज गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा भी शामिल हैं। दूसरी ओर, B कैटेगरी के खिलाड़ियों को सालाना 3 करोड़ रुपये की सैलरी दी जाती है। ऐसे में अगर यह बदलाव लागू होता है, तो रोहित शर्मा और विराट कोहली की सालाना कमाई में लगभग 4 करोड़ रुपये की कटौती हो सकती है।
इस संभावित फैसले के पीछे सबसे बड़ी वजह यह मानी जा रही है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली अब टीम इंडिया के लिए केवल एक ही फॉर्मेट—वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं। दोनों ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने के बाद पहले एक साथ टी20 इंटरनेशनल से सन्यास लिया और फिर बीते वर्ष, बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी खेलेने के बाद और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। बीसीसीआई के मौजूदा सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम में आमतौर पर उन खिलाड़ियों को ऊंची कैटेगरी में रखा जाता है, जो दो या तीनों फॉर्मेट में नियमित रूप से उपलब्ध रहते हैं। ऐसे में सिर्फ एक फॉर्मेट खेलने के चलते बोर्ड उनके ग्रेड में बदलाव पर विचार कर सकता है।
वहीं, रवींद्र जडेजा और जसप्रीत बुमराह अब भी दो या उससे अधिक फॉर्मेट में टीम इंडिया का हिस्सा हैं। इसी कारण माना जा रहा है कि भले ही उनके ग्रेड में A+ से A तक का बदलाव संभव हो, लेकिन B ग्रेड में उन्हें शामिल किए जाने की संभावना बेहद कम है।
हालांकि, रोहित और विराट B कैटेगरी के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में जाएंगे या नहीं – यह अभी साफ नहीं किया गया है यानी फिलहाल इस पर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है और बीसीसीआई की अंतिम मुहर लगना अभी बाकी है।
फिलहाल किस ग्रेड में किसकी कितनी सैलरी? (अप्रैल-2025 से जारी लिस्ट)
A+ ग्रेड (7 करोड़ रुपये) में विराट कोहली, रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा शामिल हैं।
A ग्रेड (5 करोड़ रुपये) में मोहम्मद सिराज, केएल राहुल, शुभमन गिल, हार्दिक पंड्या, मोहम्मद शमी और ऋषभ पंत हैं।
B ग्रेड (3 करोड़ रुपये) में सूर्यकुमार यादव, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, यशस्वी जायसवाल और श्रेयस अय्यर शामिल हैं।
C ग्रेड (1 करोड़ रुपये) में युवा और उभरते खिलाड़ी जैसे संजू सैमसन, रुतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा, हर्षित राणा, रिंकू सिंह, अभिषेक शर्मा और अन्य कई नाम (कुल 19) शामिल हैं।
क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि अगर बीसीसीआई A+ ग्रेड को खत्म करता है, तो यह फैसला सिर्फ रोहित-विराट तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भविष्य में खिलाड़ियों के चयन और फॉर्मेट प्राथमिकता को भी नए सिरे से परिभाषित करेगा। अब सबकी नजरें बोर्ड के आधिकारिक ऐलान पर टिकी हैं, जो तय करेगा कि ‘रो-को’ की जोड़ी को वाकई सैलरी और ग्रेड के मोर्चे पर बड़ा झटका लगेगा या नहीं।









