Assembly Election 2022: चुनाव आयोग ने शनिवार को पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों (Assembly Election 2022) की घोषणा कर दी। जिसके मुताबिक गोवा, पंजाब और उत्तराखंड में एक ही चरण में, मणिपुर में 2 चरण तथा उत्तर प्रदेश में 7 चरणों में मतदान संपन्न होंगे। चुनाव नतीजे 10 मार्च को घोषित किए जाएंगे।
चुनाव आयोग ने बताया कि 5 राज्यों की कुल 690 विधानसभा सीटों पर चुनाव होंगे। इन चुनावों में कुल 18.3 करोड़ मतदाता वोट करेंगे। कुल मतदाताओं में से 8.55 करोड़ महिला मतदाता हैं। 24.9 लाख युवा पहली बार इन चुनावों में मतदान करेंगे। मतदान केंद्रों की संख्या 2,15,368 है।
मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने बताया कि कोरोनावायरस के दिशा-निर्देश के साथ यह विधानसभा चुनाव कराए जाएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि 80 साल की उम्र से ज्यादा वाले मतदाता के लिए पोस्टल बैलट की सुविधा होगी और सभी कार्यक्रमों की वीडियोग्राफी होगी। इन पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार ऑनलाइन नामांकन कर सकेंगे और नामांकन सुविधा ऐप के जरिए होगा। चुनाव आयोग ने 15 जनवरी तक जनसभाओं पर रोक लगाई है।
सभी चुनाव अधिकारियों और कर्मचारियों को फ्रंटलाइन वर्कर माना जाएगा और सभी पात्र अधिकारियों को प्रीकोशनरी डोज़ लगाई जाएगी।
Assembly Election 2022: कब, किस दिन डाले जाएंगे वोट?

गोवा, पंजाब और त्तराखंड में 14 फरवरी को मतदान होगा। गोवा में विधानसभा की 40, पंजाब में 117 और उत्तराखंड में 70 सीटें हैं। मणिपुर में दो चरणों में मतदान होंगे, जिनमें से पहले चरण का मतदान 27 फरवरी को और दूसरे चरण का 3 मार्च को होगा। राज्य में विधानसभा की 60 सीटें हैं।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 403 सीटों के लिए 7 चरणों में मतदान होंगे। पहले चरण का मतदान 10 फरवरी , दूसरे चरण का 14 फरवरी, तीसरे चरण का 20 फरवरी, चौथे चरण का 23 फरवरी, पांचवें चरण का 27 फरवरी, छठे चरण का 3 मार्च को और सातवें व अंतिम चरण का मतदान 7 मार्च को होगा जबकि मतगणना 10 मार्च को होगी।
चुनाव पर विशेष कवरेज के लिए यहां आएं
संबंधित खबरें…
- Punjab Assembly Election 2022 के लिए तारीखों का एलान, जानिए पंजाब में कब होगा चुनाव
- चुनाव आयोग ने की Goa Election 2022 की तारीखों की घोषणा, यहां देखें गोवा में कब होगा चुनाव…
- Uttarakhand Election 2022 की तारीखों का हुआ एलान, यहां देखें उत्तराखंड में कब होगा चुनाव…
- UP Election 2022 के लिए तारीखों का एलान, यहां देखें उत्तर प्रदेश में कब होगा चुनाव…