समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती के बीच शुक्रवार शाम दिल्ली में मुलाकात हुई। बताया जा रहा है दोनों के बीच ये मुलाकात करीब दो घंटे चली। यह मुलाकात दिल्ली में मायावती के आवास पर हुई।

सूत्रों के मुताबिक मुलाकात में यूपी में लोकसभा चुनाव में सीट बंटवारे पर चर्चा हुई। दोनों के बीच सीटों के नए फॉर्मूले पर बात हुई है। सूत्रों के मुताबिक समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश की 35 सीटों पर और बसपा 36 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है।

वहीं 3 सीटें अजीत सिंह की पार्टी राष्ट्रीय लोकदल को देने और 4 सीटें रिज़र्व रखने पर सहमति बनी है। वहीं अमेठी और रायबरेली में गठबंधन कोई उम्मीदवार नहीं उतारेगा। बता दें कि अमेठी से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सांसद हैं और रायबरेली से यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी सांसद हैं।

गौरतलब है उत्तर प्रदेश में लोकसभा की सबसे ज्यादा 80 सीटें हैं। आमतौर पर गठबंधन को लेकर जो फॉर्मूला तय होता है उसमें जिस सीट पर जिसका कब्जा होता है वो उसी को मिलती है। 16वीं लोकसभा में फिलहाल सपा के 7 सांसद हैं। 2014 में हुए चुनाव में सपा 31 सीटों पर दूसरे स्थान पर रही थी।

वहीं बसपा 34 सीटों पर दूसरे स्थान पर रही थी और फिलहाल लोकसभा में उसका एक भी सांसद नहीं है। इस फॉर्मूले के तहत माना जा रहा था कि सपा 38 सीट और बसपा 34 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। लेकिन अब जो नया फॉर्मूला सामने आ रहा है उसके मुताबिक सपा 35 और बसपा 36 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।

सूत्रों ने बताया कि बहन मायावती का 15 जनवरी को जन्मदिन है। उसी दिन मायावती लखनऊ व दिल्ली में बैठेंगी, संभावना है कि प्रत्याशियों के नाम तय हो जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here