भारत की ओर से छठी बार मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने वाली मानुषी छिल्लर का मुंबई एयरपोर्ट में जोरदार स्वागत हुआ। शनिवार की देर रात वह लंदन से भारत वापस लौटीं। रात में करीब 1 बजे मानुषी मुंबई एयरपोर्ट पहुंचीं, जहां उनका ग्रांड वेलकम किया गया। उनका वेलकम करने के लिए फैंन्स और मीडिया की भीड़ लगी हुई थी। एक तरफ जहां लोगों के हाथ में पोस्टर और बैनर थे तो वहीं दूसरी तरफ मीडिया के बड़े-बड़े कैमरे मानुषी के दीदार में लगे थे। मानुषी का कदम जैसे ही मुंबई एयरपोर्ट पर पड़ा, तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा एयरपोर्ट गूंज उठा। इस बीच लोगों और मीडियाकर्मियों से सीआईएसएफ के जवानों को हाथापाई करनी पड़ी। हालांकि सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही टाइट रखी गई थी।

सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरों को खूब पसंद किया जा रहा है। बता दें कि लंदन में मानुषी के प्रोग्राम में कुछ बदलाव हुए जिसके बाद उन्हें तय कार्यक्रम से चार दिन पहले ही भारत लौटना पड़ा। मानुषी 28 नवंबर से हैदराबाद में शुरू होने वाली Global Entrepreneurship Summit (GES) का हिस्सा होंगी। इस इवेंट को भारत और यूएस को-होस्ट कर रहा है। मानुषी यहां सोनम कपूर के साथ द फीमेल इंफ्लुएंसर सेशल की पेनलिस्ट होंगी।

मानुषी के चेहरे पर जीत की खुशी मुंबई एयरपोर्ट पर साफ तौर पर देखी गई। मानुषी की स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर मिस डीवा 2017 की सेकंड रनर अप अपेक्षा पोरवाल, फेमिना मिस इंडिया 2017 की फर्स्ट रनर अप सना दुआ, सेकंड रनरअप प्रियंका कुमारी भी मौजूद थीं।
हरियाणा के सोनीपत की रहने वाली मानुषी ने दुनिया की 117 सुदंरियों को हराकर मिस वर्ल्ड का खिताब जीतकर हिंदुस्तान का मान बढ़ाया है। प्रतियोगिता में दूसरे नंबर पर मिस मेक्सिको रहीं जबकि तीसरे नंबर पर मिस इंग्लैंड रहीं।