लोगों को योग के लिए जागरुक करने वाले योग गुरु बाबा रामदेव अपने आयुर्वेदिक ब्रांड को लेकर खूब चर्चा में रहते हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर तक नाम कमाने और यहां तक उनके पहुंचने का पूरा सफर अब पर्दे पर दिखाया जाएगा।

रामदेव पर जल्द ही एक टीवी सीरियल बनने जा रहा है। सीरियल का नाम ‘स्वामी रामदेव : एक संघर्ष’ होगा। यह सीरियल बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन के फिल्म्स प्रोडक्शन के अंदर बन रहा है। वहीं अपने ऊपर बने रहे सीरियल पर रामदेव ने कहा कि मेरा जीवन बड़ी चुनौतियों और संघर्ष के बीच बीता है।

जीत डिस्कवरी चैनल पर शुरू होने जा रहे टीवी सीरियल ‘स्वामी रामदेवः एक संघर्ष’ के प्रमोशन के मौके पर रामदेव ने अपने जीवन के बारे में बताया। रामदेव ने कहा कि इस सीरियल में उनके रामकृष्ण यादव से स्वामी रामदेव बनने तक की पूरी कहानी दिखाई जाएगी। अपने जीवन पर आधारित टीवी सीरियल के प्रोमोशन के दौरान बात करते हुए योग गुरु बाबा रामदेव ने अपने जीवन से जुड़े कई पहलुओं को उजागर किया।

स्वामी रामदेव ने अपनी आखिरी ख्वाहिश के बारे में कहा की वह सन्यासी हैं और सन्यासी की कोई इच्छा नहीं होती। वह अपनी सारी इच्छाएं छोड़ के साधु बने हैं इसलिए अब उनकी कोई इच्छा नहीं बची। उन्होंने कहा कि उनका बचपन संघर्षों और मुश्किलों में बीता है, इतना ही नहीं उन्होंने सात बार मौत को भी करीब से देखा है। ये सब कहानियां टीवी सीरियल के माध्यम से देखने को मिलेंगी। इतना ही नहीं, उन्होंने बताया कि वह अपनी माँ के काफी करीब थे और जब वह साधू बने तो उनकी माँ बेहोश हो गई थीं। वह कई दिनों तक रोती रही।

‘स्वामी रामदेव: एक संघर्ष’ के नाम से यह सीरीज़ करीब 85 एपिसोड के साथ आएगी, जिसका बजट 80 करोड़ रुपए है। शो में कांति प्रकाश झा और नमन जैन मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह सीरियल 12 फरवरी से रात 8:30 बजे जीत डिस्कवरी  पर दिखाया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here