महज कुछ ही घंटों में अपनी अदाओं से लाखों युवाओं को अपना दीवाना बनाने वाली मलयाली ऐक्ट्रेस प्रिया प्रकाश अब मुश्किल में फंस गई है। हैदराबाद में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई है। मुस्लिम यूथ ग्रुप ने एफआईआर दर्ज कराते हुए प्रिया प्रकाश पर मुस्लिम भावनाओं को आहत लगाने का आरोप लगाया है।
मुस्लिम यूथ ग्रुप ने बताया कि उन्हें प्रिया का गाना बहुत पसंद आया, जिसके बाद उन्होंने मलयालम के इस गाने का अनुवाद किया तो पाया कि इस गाने में कुछ ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया हैं, जो कि धर्म विशेष की भावनाओं को आहत करने वाले हैं। इसके बाद उन्होंने प्रिया और फिल्म प्रड्यूसर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी है।
बता दें, कि प्रिया प्रकाश की डेब्यू फिल्म ‘ओरू अडार लव‘ के एक गाने की एक छोटी सी क्लिप ने सोशल मीडिया पर धमाल मचा रखा है। सोशल मीडिया पर युवा वर्ग के लोग प्रिया की इन अदाओं को ख़ासा पसंद कर रहे हैं जिसके चलते फिल्म रिलीज होने से पहले ही प्रिया सुपर स्टार बन गई हैं, जिनके सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स हैं। जिस गाने से प्रिया इंटरनेट सेंसेशन बनी हुई है, अब वही गाना उनके लिए मुसीबत बन गया है। बता दे, यह फिल्म 3 मार्च, 2018 को रिलीज होगी।
इंस्टाग्राम पर प्रिया के फॉलोअर्स की संख्या में बाढ़ आती जा रही हैं। इस समय प्रिया के फॉलोअर्स की संख्या 29 लाख से भी ज्यादा हैं। प्रिया अभी केवल 18 साल की हैं और त्रिशूर के विमला कॉलेज में बी. कॉम फर्स्ट इयर की छात्रा हैं। अपनी डेब्यू फिल्म में भी वह एक स्टूडेंट का किरदार ही निभा रही हैं।