‘दुर्लभ प्रसाद की दूसरी शादी’ की रिलीज डेट हुई कन्फर्म, महिमा चौधरी-संजय मिश्रा की अनोखी बारात देखने को हो जाइए तैयार

0
0
'दुर्लभ प्रसाद की दूसरी शादी' की रिलीज डेट हुई कन्फर्म
'दुर्लभ प्रसाद की दूसरी शादी' की रिलीज डेट हुई कन्फर्म

महिमा चौधरी और संजय मिश्रा की रोमांटिक कॉमेडी ‘दुर्लभ प्रसाद की दूसरी शादी’ काफी समय से सोशल मीडिया पर चर्चा में बनी हुई है। फिल्म की पूरी टीम प्रमोशन में जुटी है और दर्शक भी इसकी रिलीज़ का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे थे। अब मेकर्स ने बड़ा एलान कर दिया है—यह फिल्म 19 दिसंबर 2025 को थिएटर्स में रिलीज़ होगी। इस ऐलान के साथ एक नया पोस्टर भी साझा किया गया, जिसमें लीड कपल की शादी की एक खास झलक दिखाई गई है।

महिमा चौधरी-संजय मिश्रा की अनोखी बारात

रिलीज़ किए गए पोस्टर में संजय मिश्रा का किरदार हाथ में माला लिए महिमा चौधरी को बड़ी ही मोहब्बत से देखता नजर आ रहा है। वहीं महिमा ट्रेडिशनल दुल्हन के लिबास में संजीदगी और शर्म से सजी दिख रही हैं। मेकर्स ने पोस्ट में लिखा—“शादी की घंटियां बज चुकी हैं! प्यार, परिवार और नए शुरुआत का जश्न मनाने के लिए तैयार रहें। #दुर्लभप्रसादकीदूसरीशादी 19 दिसंबर को बड़े पर्दे पर आ रही है।”

कहानी क्या है?

सिद्धांत राज सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक ऐसे लड़के की कहानी है जो समाज और परिवार के दबाव के बीच अपने विधुर पिता के लिए नई दुल्हन खोजने का फैसला करता है। कहानी के दौरान कई मजेदार, भावनात्मक और अनपेक्षित स्थितियां सामने आती हैं, जो रिश्तों, प्यार और पारिवारिक बंधनों की नई परतें खोलती हैं। फिल्म में व्योम यादव, पलक लालवानी, प्रवीण सिंह सिसोदिया और श्रीकांत वर्मा जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

62 की उम्र में दूल्हा बने संजय मिश्रा

संजय मिश्रा ने अपने किरदार के बारे में बात करते हुए कहा, “दुर्लभ प्रसाद ऐसा व्यक्ति है जिसे उसकी सादगी और मासूमियत के कारण हर कोई पसंद करेगा। भावनाओं और कॉमेडी का मेल हमेशा दर्शकों को जोड़ता है, और इस फिल्म में दोनों खूब हैं। मैं उत्साहित हूं कि दर्शक जल्द ही इस अनोखे दूल्हे और उसके दिलचस्प सफर से मिल सकेंगे।”

रिलीज़ डेट की घोषणा से ठीक पहले, संजय मिश्रा ने फिल्म का फर्स्ट लुक सोशल मीडिया पर साझा किया था, जिसने पहले ही दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी थी।