रोमांस, भावनाओं और पारिवारिक रिश्तों पर आधारित हिंदी फिल्म ‘दिल दीवाना हो गया’ 31 जुलाई को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। ग्रांडवे प्रोडक्शन्स के बैनर तले बनी इस फिल्म के निर्माता इश्पॉल सिंह चावला हैं, जिन्होंने अपनी पहली हिंदी फिल्म में स्थापित सितारों के बजाय तीन नए कलाकारों को मुख्य भूमिकाओं में मौका देकर अलग सोच पेश की है।
निर्माताओं का दावा है कि फिल्म एक साफ-सुथरी रोमांटिक फैमिली ड्रामा है, जिसे हर आयु वर्ग के दर्शक अपने परिवार के साथ देख सकते हैं।
कहानी और संगीत को बनाया फिल्म की सबसे बड़ी ताकत
निर्माता इश्पॉल सिंह चावला का कहना है कि वे किसी भी फिल्म को एक आम दर्शक की नजर से देखते हैं। उनके अनुसार, किसी फिल्म की सफलता केवल बड़े सितारों पर नहीं, बल्कि मजबूत कहानी, प्रभावशाली अभिनय और यादगार संगीत पर निर्भर करती है।
उन्होंने बताया कि फिल्म के लिए उन्हीं कलाकारों का चयन किया गया जो अपने किरदारों के अनुरूप थे। साथ ही निर्देशक राजीव शामलाल सोनी और संगीतकार विष्णु नारायण की सराहना करते हुए कहा कि पूरी टीम ने पूरे समर्पण के साथ काम किया है। फिल्म में कुल पांच गीत हैं, जिनसे निर्माताओं को काफी उम्मीदें हैं।
मुंबई में लॉन्च हुआ प्रोमो और म्यूजिक
हाल ही में मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान फिल्म का प्रोमो और म्यूजिक लॉन्च किया गया। इस मौके पर मीडिया और आमंत्रित मेहमानों को फिल्म की पहली झलक दिखाई गई। आयोजकों के अनुसार, प्रोमो और गीतों को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली, जिससे फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ी है।
तीन नए कलाकार करेंगे बड़े पर्दे पर शुरुआत
फिल्म की सबसे खास बात यह है कि इसके जरिए तीन नए कलाकार बॉलीवुड में अपनी शुरुआत कर रहे हैं। लोकप्रिय टीवी अभिनेत्री काजल चौहान इस फिल्म से बड़े पर्दे पर कदम रख रही हैं। उनके साथ भानूज सूद और शुभकरण भोपाल भी अपनी पहली हिंदी फीचर फिल्म में नजर आएंगे।
काजल चौहान ने इसे अपने करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए कहा कि टीवी के बाद बड़े पर्दे पर काम करना उनके लिए सपना पूरा होने जैसा है। वहीं भानूज सूद ने नए कलाकारों पर भरोसा जताने के लिए निर्माता का आभार व्यक्त किया। शुभकरण भोपाल ने बताया कि फिल्म की शूटिंग उनके गृहक्षेत्र मनाली में भी हुई, जिससे यह अनुभव उनके लिए और भी यादगार बन गया।
अनुभवी कलाकार भी निभाएंगे अहम भूमिका
फिल्म में मुश्ताक खान, अरुण बक्शी, राजू खेर, बृज गोपाल, मेहुल बुच, गरिमा अग्रवाल, अंजलि गुप्ता और दिव्या द्विवेदी जैसे अनुभवी कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
फिल्म का निर्देशन राजीव शामलाल सोनी ने किया है, जिन्होंने इससे पहले कई लोकप्रिय टीवी धारावाहिकों का निर्देशन किया है। फिल्म की शूटिंग मुंबई और मनाली की खूबसूरत लोकेशनों पर की गई है।
निर्माताओं का कहना है कि ‘दिल दीवाना हो गया’ एक ऐसी पारिवारिक फिल्म है, जो मनोरंजन के साथ रिश्तों और भावनाओं की कहानी को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करेगी। फिल्म का ऑल इंडिया वितरण जे.बी. पिक्चर्स द्वारा किया जा रहा है।









