Ashutosh Tandon: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में 9 जिलों में 23 फरवरी को मतदान होगी, इस दौरान लखनऊ पूर्व की सीट (Lucknow East Seat) पर नजर टिकी रहने वाली हैं, क्योंकि यहां से योगी सरकार के मंत्री आशुतोष टंडन चुनाव लड़ रहे हैं। बता दें कि तीन दशकों से अधिक समय से, लखनऊ पूर्व विधानसभा सीट भारतीय जनता पार्टी का गढ़ रही है।
2012 में भी, जब समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी, तब भी यह सीट भगवा खेमे यानि भाजपा के पास रही थी। इस बार समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party)ने अपने प्रवक्ता अनुराग भदौरिया को आशुतोष टंडन के खिलाफ मैदान में उतारा है। वहीं बसपा ने यहां से आशीष कुमार सिन्हा को टिकट दिया है, जबकि कांग्रेस की ओर से मनोज तिवारी चुनावी समर में उतरे हैं।
लखनऊ पूर्व की सीट का राजनीतिक इतिहास
गौरतलब है कि लखनऊ पूर्व विधानसभा सीट पर पहली बार राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता चंद्र भानू गुप्ता ने 1951 में जीत दर्ज की थी। जिसके बाद वर्ष 1957 में प्रजा सोशलिस्ट पार्टी के त्रिलोकी सिंह ने जीत दर्ज की। 1962 में यहां से कांग्रेस के किशोरी लाल अग्रवाल विधायक बने। बता दें कि भाजपा ने पहली बार यहां 1991 में विधानसभा चुनाव जीती थी जब भगवती प्रसाद शुक्ला ने राज्य में राम मंदिर आंदोलन के दौरान यहां से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था।
इसके बाद भाजपा के विद्या सागर गुप्ता ने 1996, 2002 और 2007 में इस सीट से जीत हासिल की थी। वहीं 2012 में भाजपा के कलराज मिश्रा ने इस सीट पर कब्जा किया, लेकिन 2014 में कलराज मिश्रा के देवरिया से सांसद बनने के बाद यह सीट रिक्त हो गई थी। 2017 में भारतीय जनता पार्टी के आशुतोष टंडन ने सपा गठबंधन के उम्मीदवार अनुराग सिंह भदौरिया को भारी मतों के अंतर से हराकर सीट जीती थी।
Lucknow East Seat का जातिगत समीकरण
बता दें कि 23 फरवरी को मतदान होने वाले, लखनऊ पूर्व सीट पर लगभग 4,51,408 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें से 90,000 ब्राह्मण, 75,000 क्षत्रिय, 40,000 कायस्थ, 80,000 दलित, 40,000 यादव और 50,000 मुस्लिम मतदाता हैं। मतदान के लिए यहां तैयारी कर ली गई है। इस सीट पर कुल 451408 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 237602 पुरुष मतदाता हैं, जबकि 213788 महिला मतदाता के साथ 18 थर्ड जेंडर और 3578 पहली बार मतदाता हैं।
कौन हैं Ashutosh Tandon?
गौरतलब है कि आशुतोष टंडन को गोपाल टंडन के नाम से भी जाना जाता है। वर्तमान में आशुतोष टंडन उत्तर प्रदेश सरकार में शहरी विकास, समग्र शहरी विकास, शहरी रोजगार और गरीबी उन्मूलन मंत्री के रूप में कार्यरत हैं। टंडन लखनऊ जिले के लखनऊ पूर्व निर्वाचन क्षेत्र से उत्तर प्रदेश विधान सभा के सदस्य आशुतोष टंडन भाजपा के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व राज्यपाल लाल जी टंडन के बेटे हैं।
उन्होंने 1980 में लखनऊ विश्वविद्यालय से कला स्नातक की उपाधि प्राप्त की। उन्होंने 6 मई 1982 को मधु टंडन से शादी की, जिनसे उनकी एक बेटी है। बताते चलें कि 2014 में, टंडन ने लखनऊ पूर्व विधानसभा सीट के लिए जूही सिंह को 26,459 मतों से हराया था। वहीं 2017 में, आशुतोष टंडन ने सपा-कांग्रेस के संयुक्त उम्मीदवार अनुराग भदौरिया को रिकॉर्ड 79,230 मतों से हराया।
Anurag Singh Bhadouria कौन हैं?
अनुराग भदौरिया समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं। अखिलेश यादव और मुलायम सिंह यादव के गृह जनपद इटावा के रहने वाले अनुराग भदौरिया राजनीति से इतर वह कई खेलों के माहिर खिलाड़ी हैं। बताते चलें कि क्रिकेट के शौक के कारण ही अनुराग भदौरिया ने साल 2016 में आईपीएल के तर्ज पर यूपी में इंडियन ग्रामीण क्रिकेट लीग (आईजीसीएल) की शुरुआत की थी।
संबंधित खबरें…
- UP Election 2022: JP Nadda यूपी में कर रहे हैं रैली, Priyanka और Akhilesh पर किया वार-, कहा- मुह में चांदी की चम्मच लेकर पैदा हुए हैं ये लोग
- UP Election 2022 में वोट डालने पहुंचे Mulayam Singh Yadav, Jaswantnagar में किया मतदान
- UP Election 2022: जसवंतनगर पर सबकी निगाहें, जानिए ‘यादवलैंड’ की इस VIP सीट का इतिहास