UPTET-2026: उत्तर प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 में शामिल होने वाले बेसिक शिक्षा विभाग के सेवारत शिक्षकों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लिए गए इस निर्णय के तहत परीक्षा में शामिल होने वाले शिक्षकों को उनके परीक्षा दिवस पर विशेष अवकाश प्रदान किया जाएगा, ताकि वे बिना किसी प्रशासनिक बाधा के परीक्षा में भाग ले सकें।
शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को यूपीटीईटी-2026 का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा में बड़ी संख्या में कार्यरत शिक्षक भी अभ्यर्थी के रूप में शामिल होंगे। इसे ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है कि किसी भी शिक्षक को सेवा संबंधी जिम्मेदारियों के कारण परीक्षा से वंचित न होना पड़े।
विशेष सचिव अवधेश कुमार तिवारी द्वारा शिक्षा निदेशक (बेसिक) को भेजे गए पत्र में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा में शामिल होने वाले पात्र शिक्षकों को संबंधित परीक्षा तिथि पर विशेष अवकाश उपलब्ध कराया जाए। साथ ही इस व्यवस्था का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रशासनिक कदम उठाने को कहा गया है।
शासनादेश की प्रतियां स्कूल शिक्षा महानिदेशक, उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव तथा सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) को भी भेजी गई हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पात्र शिक्षकों को समय पर अवकाश उपलब्ध कराया जाए और परीक्षा आयोजन के दौरान किसी प्रकार की प्रशासनिक असुविधा न होने पाए।
सरकार का मानना है कि शिक्षकों के व्यावसायिक विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उन्हें योग्यता आधारित परीक्षाओं में भाग लेने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। इसी सोच के तहत यह निर्णय लिया गया है, जिससे शिक्षक अपने भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में बिना किसी बाधा के आगे बढ़ सकें।








