झारखण्ड की कोयलांचल नगरी धनबाद में कल शाम जम कर दहशत और मौत का खेल खेला गया। कानून व्यवस्था का मजाक उड़ाते हुए अपराधियों ने अंधाधुंघ फायरिंग कर  धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर और कांग्रेस नेता नीरज सिंह सहित तीन लोगों को मौत के घाट उतार दिया। अपराधियों ने इस दौरान एके-47 हथियारों का उपयोग करते हुए 100 राउंड से ज्यादा गोलियां दागी। इस खूनी खेल को अब तक धनबाद का सबसे बड़ा गैंगवार बताया जा रहा है। घटना के बाद घटनास्थल पर हजारों की संख्या में लोग जमा हो गए। धनबाद में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

फायरिंग के बाद परिजन नीरज सिंह को घटनास्थल से दो किलोमीटर दूर स्थित केंद्रीय अस्पताल ले गए,  साथ के अन्य लोगों को पीएमसीएच लाया गया। पीएमसीएच में डॉक्टरों ने घोल्टू, अशोक और मुन्ना तिवारी को मृत घोषित कर दिया। डाक्टरों ने थोड़ी देर बाद नीरज को भी मृत घोषित कर दिया। स्थिति को काबू करने के लिए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में रात में ही शवों का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। बताया जा रहा है कि नीरज सिंह एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी से अपने घर लौट रहे थे। गाड़ी उनका ड्राइवर चला रहा था। नीरज आगे की सीट पर बैठे थे। उनके दोनों अन्य सहयोगी पिछली सीट पर बैठे थे। नीरज की गाडी जैसे ही स्टील गेट के पास स्थित ब्रेकर पर धीमी हुई, एके-47 से लैस शूटरों ने गाडी पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में नीरज समेत तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

इस बड़े घटनाक्रम के बाद झारखण्ड की राजनीति में भी उबाल आ गया है। आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। विपक्ष जहाँ राज्य की रघुबर दास सरकार को निशाना बना रहे हैं। धनबाद से सटे अन्य जिलों की सीमा सील कर अपराधियों के धरपकड़ के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। नीरज सिंह की शवयात्रा के दौरान स्थिति पर नियंत्रण के लिए मधुबन में तैनात सीआरपीएफ की एक कंपनी सरायढेला में तैनात की गई है।

धनबाद में हुई इस बड़ी घटना से पहले भी कोयलांचल की भूमि खून से लाल होती रही है। यहाँ होने वाली हत्याओं के पीछे की वजहों में वर्चस्व की लड़ाई सबसे अहम् है। इसके अलावा बदला लेने की परंपरा भी यहाँ खूब खून बहा चुकी है। इससे पहले जनवरी महीने में भी धनबाद में झरिया विधायक संजीव सिंह के करीबी रंजय सिंह की हत्या कर दी गई थी। पुलिस नीरज की हत्या को इससे जोड़ कर देख रही है। फिलहाल माहौल गमगीन और तनावपूर्ण है और पुलिस की जाँच के बाद ही ज्यादा बातें स्पष्ट हो सकेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here