Rahul Gandhi: राष्ट्रीय राजधानी में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक के बाद गुरुवार को सरकारी अधिकारियों ने कहा कि राहुल गांधी के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से की गई थी, लेकिन उन्होंने खुद सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया। बता दें कि इससे पहले कांग्रेस ने बुधवार को गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर शहर में यात्रा के दौरान सुरक्षा उल्लंघन का आरोप लगाया। वहीं मार्च में राहुल गांधी और अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की। आरोपों को खारिज करते हुए, अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा के लिए ठीक से इंतजाम किए गए थे।
2020 के बाद 113 बार राहुल ने तोड़े सुरक्षा: सरकारी अधिकारी
हालांकि, अधिकारियों ने आरोप लगाया कि कई मौकों पर राहुल गांधी की ओर से निर्धारित दिशा-निर्देशों का उल्लंघन देखा गया है। अधिकारियों ने कहा, “उदाहरण के लिए, 2020 के बाद से राहुल गांधी ने कुल 113 बार खुद ही सुरक्षा नियम का उल्लंघन किए हैं।” इसके अलावा, अधिकारियों ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा, जब दिल्ली आई तो राहुल गांधी ने सुरक्षा दिशानिर्देशों का उल्लंघन किया। राहुल को Z+ सुरक्षा देने वाली सीआरपीएफ इस मामले को अलग से उठाएगी।
सरकार को बदले की राजनीति में लिप्त नहीं होना चाहिए- के सी वेणुगोपाल
AICC के महासचिव के सी वेणुगोपाल ने शाह को लिखे पत्र में कहा था, “सरकार को बदले की राजनीति में लिप्त नहीं होना चाहिए और सुनिश्चित करना चाहिए कांग्रेस नेताओं की सुरक्षा।” वेणुगोपाल ने आरोप लगाया, ”शनिवार को यात्रा के दिल्ली में प्रवेश के बाद कई मौकों पर सुरक्षा से समझौता किया गया। दिल्ली पुलिस बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और राहुल गांधी के चारों ओर एक परिधि बनाए रखने में पूरी तरह से विफल रही, जिनके पास ‘जेड प्लस सुरक्षा’ है।” “स्थिति इतनी गंभीर थी कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और राहुल गांधी के साथ चलने वाले ‘भारत यात्रियों’ को एक सुरक्षा घेरा बनाना पड़ा। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस मूकदर्शक बनी रही।”
यह भी पढ़ें: