
Congress President Election: कांग्रेस में नए अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर इस समय पार्टी में हलचल तेज है। अध्यक्ष पद को लेकर राहुल गांधी ने एक बार फिर अपना रुख साफ कर दिया है कि वो अध्यक्ष पद के लिए चुनाव नहीं लड़ेंगे। राहुल गांधी ने केरल में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मैं अपने रुख पर कायम हूं। 2019 के लोकसभा चुनाव में मिली हार की जिम्मेदारी लेते हुए राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उन्होंने कहा था कि कांग्रेस का अध्यक्ष कोई गैर गांधी बने।
हालांकि, राहुल को दोबारा से कांग्रेस का अध्यक्ष बनाने की आवाज पार्टी से लगातार उठती रही है।

बता दें कि पिछले तीन सालों में कांग्रेस के तमाम बड़े नेताओं ने राहुल को मनाने की कई कोशिशें भी की हैं। हाल ही में जब कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव का ऐलान किया गया, तो ये कोशिशें तेज हो गयी है। कुछ दिनों पहले ही राहुल गांधी के समर्थन में 10 राज्यों में कांग्रेस इकाइयों ने प्रस्ताव पास किया था। इसके बावजूद राहुल गांधी लगातार अध्यक्ष बनने से इनकार कर रहे हैं।
Congress President Election: कांग्रेस अध्यक्ष एक वैचारिक पद- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद के सवाल पर कहा कि मैंने पिछली बार भी साफ कर दिया था। मैं अब भी अपने पुराने रुख पर कायम हूं। मैं इसे कई बार दोहरा चुका हूं। कांग्रेस अध्यक्ष को वे क्या सलाह देंगे, इस पर राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष पद एक ऐतिहासिक पद है। आप इस ऐतिहासिक पद पर जा रहे हैं। यह भारत के एक विशेष दृष्टिकोण को परिभाषित करता है। कांग्रेस अध्यक्ष एक वैचारिक पद है। आप (कांग्रेस अध्यक्ष) विचारों के एक समूह का प्रतिनिधित्व करते हैं। मेरा मानना है कि जो कोई भी कांग्रेस अध्यक्ष बने, वह कांग्रेस की इस विश्वास प्रणाली और विचारधारा का प्रतिनिधित्व करें।

Congress President Election: ‘एक व्यक्ति, एक पद का हर कोई करे पालन’
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मीडिया ने जब उनसे एक व्यक्ति एक पद को लेकर सवाल किया तो राहुल ने कहा कि उदयपुर में जो फैसला हुआ था। मुझे लगता है कि उसका हर कोई पालन करेगा। राहुल गांधी ने कहा कि आप लोग अन्य पार्टियों से क्यों नहीं पूछते कि कौन अध्यक्ष बनेगा? कांग्रेस के अध्यक्ष पद का चुनाव होता है और किसी पार्टी में नहीं होता? यहां कोई भी चुनाव लड़ सकता है। आप बस हमसे सवाल करते हैं कि कौन अध्यक्ष होगा।

Congress President Election: ‘भारत जोड़ो यात्रा’ विचारों पर आधारित- राहुल
इस समय राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा पार्टी की ओर से आयोजित की गयी है। इस यात्रा में कांग्रेस के तमाम नेता, कार्यकर्ता हिस्सा ले रहे हैं। राहुल गांधी ने यात्रा के बारे बताते हुए कहा कि भारत जोड़ो यात्रा की सफलता कुछ विचारों पर आधारित है। पहला विचार यह है कि एक भारत अखंड खड़ा है, अपने आप से युद्ध में नहीं है, अपनों से नाराज नहीं है, नफरत से भरा नहीं है। यह यात्रा कुछ ऐसी ही है जिसकी अधिकांश भारतीय लोग सराहना करते हैं और लोग इसे पसंद कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: