शशिकला के आज शपथ लेने पर सस्पेंस बना हुआ है। शशिकला नटराजन को आज तमिलनाडु की मुख्यमंत्री पद के लिए शपथ लेना था। लेकिन अभी तक इस पर कोई भी सूचना राजभवन से नहीं मिली है। राज्यपाल भी दिल्ली से चेन्नई के बदले मुंबई चले गए हैं। इस मुद्दे पर AIADMK पार्टी की तरफ से भी कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की गई है। आशंका जताई जा रही है कि राज्यपाल सी विद्यासागर राव शशिकला को शपथ दिलाने से पहले कानूनी सलाह लेना चाहते हैं। इसके पीछे की वजह मुख्य विपक्षी दल डीएमके द्वारा शशिकला का विरोध और उनपर चल रहे आय से अधिक संपत्ति मामले में जल्द आने वाले फैसले को बताया जा रहा है।
दूसरी तरफ डीएमके के कार्यकारी अध्यक्ष ऍम के स्टालिन ने केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है। स्टालिन आज दिल्ली पहुँच गए हैं वह यहाँ केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलकर शशिकला के शपथ ग्रहण को रोकने और वर्तमान हालात को देखते हुए हस्तक्षेप की मांग करेंगे।
इस बीच, सुप्रीम कोर्ट से आ रही ख़बरों के अनुसार शशिकला के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में जल्द फैसला सुनाया जा सकता है। इसी मामले में तमिलनाडु की दिवंगत मुख्यमंत्री जे जयललिता भी आरोपी थी। शशिकला के शपथ को रोकने के लिए उच्चतम न्यायालय में एक जनहित याचिका भी दायर हुई है।
शशिकला के शपथ लेने के बाद आय से अधिक सम्पति मामले में आरोप सही पाए जाने पर शशिकला को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना होगा। इस्तीफे के बाद राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति संभालना भी एक चुनौती बन सकता है। ऐसे में केंद्र सरकार और राज्यपाल हर पहलू को समझ कर ही कोई कदम उठाना चाहते हैं। इससे पहले, मुख्यमंत्री ओ पनीरसेल्वम ने अपने मंत्रिपरिषद के साथ इस्तीफा दे दिया था जिसे राज्यपाल ने स्वीकार कर लिया।