देश भर में गणेश चतुर्थी की धूम शुरु हो गई है। भगवान गणेश की भक्ति में डूबे भक्त तरह तरह से अपनी श्रद्धा प्रकट कर रहे है। कोई उनके लिए किंग साइज की मिठाइयां बनवा रहा है तो कोई उन्हें बड़ी मात्रा में सोना भी चढ़ा रहा है। किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत भगवान गणेश की पूजा के बिना पूरी नहीं होती। इसलिए विनायक चतुर्थी के मौके पर भगवान को तरह-तरह के चढ़ावे चढाने की परंपरा है।
इसी क्रम में आंध्र प्रदेश के एक मिठाई निर्माता ने भगवान गणेश के लिए करीब 580 किलोग्राम का लड्डू तैयार किया है। ‘महाप्रसादम’ के नाम से जाना जाने वाला लड्डू बुधवार की शाम एक क्रेन की मदद से पहले हैदराबाद के फिल्म नगर पहुंचाया गया और फिर उसे आज खैरताबाद के एक गणेश मंडप में लाया गया। इस लड्डू को पूजा पूरी होने के बाद लोगों में बांटा जाएगा।
बता दें कि यह लड्डू पीवीवीवी मल्लिकार्जुन राव उर्फ मालले ने बनाया है। इस लड्डू में 220 किलोग्राम चीनी और 145 किलोग्राम गाय का शुद्ध घी, 175 किलोग्राम बेसन, 25 किलोग्राम काजू, 13 किग्रा बादाम, तीन किलो इलायची, एक किलो कपूर डाला गया है।
वहीं मुंबई में गणपति का एक पंडाल आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां गणपति की मूर्ती को 70 किलो सोने से सजाया गया है। सायन पूर्व के जीएसबी सेवा मंडल ने बप्पा की सजावट में 70 किलो 23-कैरट सोना लगाया है। इस कारण पंडाल की सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
बता दें कि गणेश चतुर्थी के दिन लोग अपने घरों में भगवान गणपति की स्थापना करते हैं और उनकी खूब सेवा करते हैं। इस दौरान लोग भगवान गणेश का एक मेहमान की तरह सत्कार करते हैं।