Delhi Pollution: देश की राजधानी दिल्ली की हवा दिन-प्रतिदिन खतरनाक होती जा रही है। इस बार दीवाली के अगले दिन दिल्ली की हवा में सुधार देखने को मिला था, लेकिन पिछले 2 दिनों से अब ये बद से बद्तर होती जा रही है। शनिवार 29 अक्टूबर की सुबह दिल्ली की औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 390 दर्ज किया गया। ये श्रेणी बेहद खराब मानी जाती है।

बता दें कि ये सुबह करीब 6 बजे के वायु मापन के बाद का AQI है। वहीं, दिल्ली के आनंद विहार समेत 16 जगहों पर AQI गंभीर श्रेणी में पहुंच गया है। इसके अलावा सुबह-सुबह सड़कों पर स्मॉग का साया भी देखने को मिला। सुबह के वक्त धुंए के कारण लोगों को सड़कों पर चलने में दिक्कत महसूस हुई। वहीं, वाहन चालकों को गाड़ियों की लाइट जलाकर सफर करना पड़ा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, 29 अक्टूबर को राजधानी के कई इलाकों का वायु गुणवत्ता सूचकांक 400 के पार दर्ज किया गया। जो की गंभीर श्रेणी में आता है। दिल्ली सबसे ज्यादा एक्यूआई, (456) आनंद विहार में दर्ज किया गया। इसके अलावा कई और इलाके हैं जहां हालात गंभीर है। आइए आपको बताते हैं इन इलाकों का हाल…
Delhi Pollution: दिल्ली के अलग-अलग इलाकों का हाल
दिल्ली के इलाके | वायु गुणवत्ता सूचकांक | श्रेणी |
शादीपुर | 435 | गंभीर श्रेणी |
द्वारका NSIT | 428 | गंभीर श्रेणी |
DTU | 421 | गंभीर श्रेणी |
पंजाबी बाग | 418 | गंभीर श्रेणी |
नेहरू नगर | 404 | गंभीर श्रेणी |
पटपड़गंज | 401 | गंभीर श्रेणी |
अशोक विहार | 422 | गंभीर श्रेणी |
सोनिया विहार | 412 | गंभीर श्रेणी |
जहांगीरपुरी | 430 | गंभीर श्रेणी |
विवेक विहार | 409 | गंभीर श्रेणी |
रोहिणी | 430 | गंभीर श्रेणी |
नरेला | 426 | गंभीर श्रेणी |
वजीरपुर | 430 | गंभीर श्रेणी |
बंवाना | 416 | गंभीर श्रेणी |
मुंडका | 412 | गंभीर श्रेणी |
Delhi Pollution: इन इलाकों में बेहद खराब AQI
बता दें कि दिल्ली के साथ इसके आसपास के इलाकों का भी बुरा हाल है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, 29 अक्टूबर को नोएडा के सेक्टर 62 में एक्यूआई 402 दर्ज किया गया। वहीं, गाजियाबाद के वसुंधरा में वायु गुणवत्ता सूचकांक 420 पहुंच गया है। जबकि फरीदाबाद के New Industrial Town में AQI 446 दर्ज किया गया।
इसके अलावा अन्य कई इलाकों का एक्यूआई बेहद खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। जिसमें अलीपुर, आईटीओ, सिरी फोर्ट , आरके पुरम, आया नगर, लोधी रोड, नॉर्थ कैंपस, मथुरा रोड, पूसा, जेएलएन स्टेडियम, द्वारका सेक्टर-8, करणी सिंह शूटिंग रेंज, नजफगढ़, मेजर ध्यान चंद स्टेडियम, ओखला, अरबिंदो रोड, दिलशाद गार्डन और बुराड़ी शामिल है।
दिवाली के बाद दिल्ली की वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार देखने को मिला था, लेकिन एक्सपर्ट्स ने साफ कर दिया था कि उस साफ हवा के पीछे मौसमी कारण थे। असल में मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो दीवाली के वक्त बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की वजह से नॉर्थ ईस्ट कई राज्यों में बारिश हुई और तेज हवाएं चलीं। वहीं, भारतीय सीमा से सटे बांग्लादेश के तट पर चक्रवात सितरंग के असर ने दिल्ली को प्रदूषण से राहत दिलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

बता दें कि शून्य से 50 के बीच AQI अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच AQI गंभीर माना जाता है।
संबंधित खबरें:
- देशभर में गाजियाबाद की हवा सबसे ज्यादा प्रदूषित, AQI पहुंचा 445 के पार, पराली जलाने के मामलों में दिखी तेजी
- दिल्ली में Pollution की रोकथाम और AQI का स्तर सुधारने की कवायद, एंटी स्मॉग गन से होगा छिड़काव