Assam Flood Situation: इन दिनों जहा देश के कई राज्य भंयकर गर्मी का प्रकोप झेल रहे हैं वहीं असम बाढ़ की चपेट में है। मंगलवार को बीजेपी विधायक सिबू मिश्रा बाढ़ क्षेत्र का जायजा लेने पहुंचे थे। लेकिन सिबू मिश्रा घुटने तक पानी वाले क्षेत्र में जाने से हिचकिचाते नजर आए जिसके बाद बचाव दल में जुटे जवान ने विधायक को अपनी पीठ पर लाद कर नाव तक पहुंचाया। दिलचस्प बात यह है कि जवान सिबू मिश्रा की हमउम्र का ही है।
Assam Flood Situation: बाढ़ से असम का जनजीवन त्रस्त
असम में बारिश और बाढ़ की समस्या से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित है। अभी तक राज्य के 27 जिलों के 6.62 लाख से अधिक लोग बाढ़ की चपेट में है। कई जिलों में बाढ़ के कारण आने-जाने के साधन ठप हो गए हैं। इसी बीच असम के लुमडिंग विधानसभा से विधायक सिबू मिश्रा बाढ़ की स्थिति की जानकारी लेने होजल क्षेत्र में पहुंचे थे। जहां वो पानी से अपने जूते को बचाने के लिए रेस्क्यू टीम के जवान की पीठ पर लद कर नाव तक पहुंचे। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद से ही लोग सिबू मिश्रा पर तरह-तरह के रिएक्शन दे रहे हैं।

Assam Flood Situation: बाढ़ में राहत बचाव का काम जारी
असम में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 9 हो गई है। राज्य आपदा विभाग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार असम के विभिन्न जिलों में 135 राहत शिविरों में 48,000 से अधिक लोगों ने शरण ले रखी है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि राज्य सरकार ने बाढ़ प्रभावित जिलों के लिए 150 करोड़ रुपए जारी किए हैं, जबकि केंद्र सरकार ने बाढ़ राहत उपायों के तहत राज्य के लिए 1,000 करोड़ रुपए मंजूर किया है।
बाढ़ में लोगों का जनजीवन बुरी तरह से अस्त व्यस्त हो गया है, जिसके चलते जिला प्रशासन ने सभी शैक्षणिक संस्थानों को फिलहाल बंद कर दिया है।

Assam Flood Situation: असम की बराक घाटी में स्थिति बेहद गंभीर
असम में लगातार हुई बारिश के कारण भूस्खलन से असम की बराक घाटी में कई लोग फंस गए हैं। इलाके में यातायात भी ठप हो गया है। असम की बराक घाटी और दीमा हसाओ जिले और पड़ोसी राज्यों त्रिपुरा, मिजोरम और मणिपुर के लिए रेल और सड़क संपर्क बाधित हो गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन स्थानों पर रेल संपर्क को बहाल होने में लगभग 45 दिन लगेंगे, जबकि सड़क संपर्क अगले दो-तीन दिनों में चालू हो जाएगा।

बराक घाटी में फंसे लोगों की मदद के लिए सरकार ने हेलीकॉप्टर को भेजा है। असम सरकार ने बराक घाटी में फंसे लोगों की मदद के लिए क्षेत्रीय फ्लाईबिग एयरलाइन के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किया है। टिकट की कीमत 3,000 रुपये तय की गई है, अतिरिक्त शुल्क वहन सरकार करेगी। बुधवार को, विभिन्न बाढ़ प्रभावित जिलों में भारतीय सेना, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल और अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं की टीमों द्वारा 8,054 लोगों को बचाया गया।
संबंधित खबरें: