कवि कुमार विश्वास ने दिल्ली में यमुना नदी की स्थिति पर आम आदमी पार्टी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को घेरा है। उन्होंने केजरीवाल के एक पुराने बयान का वीडियो शेयर कर तंस कसा कि वाकई बहुत ज्यादा प्रदूषित है। कुमार विश्वास यमुना को प्रदूषित कह रहे थे या अरविंद केजरीवाल को यह तो कुमार विश्वास ही बता सकते हैं।
केजरीवाल कई बार कर चुके हैं यमुना को साफ करने का वादा
वीडियो में केजरीवाल कहते दिख रहे हैं, ‘यमुना में जो सीवर और इंडस्ट्रियल वेस्ट गिरता है उसकी पहचान हमने कर ली है। मैं कहना चाहता हूं कि हम पांच सालों में यमुना को साफ कर देंगे।’ केजरीवाल ने कहा था कि 2025 के चुनाव से पहले आपको यमुना भी नहलवा देंगे।
इस पर कुमार विश्वास ने लिखा,’ सचमुच बहुत ही ज्यादा प्रदूषित है।’ गौरतलब है कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी ने 2015 और 2019 में भी इसी तरह की बात कही थी। यानी हर बार चुनाव के समय पर आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल इस मुद्दे को भुनाने की कोशिश करते हैं।
दिल्ली सरकार ने यमुना में झाग के लिए यूपी और हरियाणा को बताया जिम्मेदार
मालूम हो कि AAP प्रवक्ता और दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष राघव चड्ढा का कहना है कि यमुना नदी में दिखने वाला जहरीला झाग दिल्ली का नहीं है बल्कि यूपी और हरियाणा सरकार की ओर से दिल्ली को दिया गया ‘तोहफा’ है।
राघव चड्ढा ने कहा, ‘यमुना में झाग ओखला बैराज क्षेत्र में है, जो यूपी सिंचाई विभाग के अंतर्गत आता है, यह यूपी सरकार की जिम्मेदारी है। लेकिन हर साल की तरह इस साल भी वे फेल हुए… प्रदूषित पानी दिल्ली का नहीं है, बल्कि यूपी, हरियाणा सरकार द्वारा दिल्ली को दिया गया ‘तोहफा’ है।
उन्होंने कहा, ‘हरियाणा में यमुना से लगभग 105 एमजीडी अपशिष्ट जल और यूपी में गंगा से लगभग 50 एमजीडी अपशिष्ट जल ओखला बैराज में जाता है। पानी में औद्योगिक कचरा, अनुपचारित डिटर्जेंट, अमोनिया है, जिससे झाग बनता है…। इसके लिए यूपी और हरियाणा की बीजेपी सरकारों को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए। साल दर साल हमने यूपी सरकार को सिंचाई प्रौद्योगिकी, जैव कृषि पद्धति का उपयोग करने के लिए लिखा है … लेकिन भाजपा सरकारों ने कोई ध्यान नहीं दिया।’
गौरतलब है कि मजबूरी में छठ श्रद्धालुओं को दिल्ली के कालिंदी कुंज के पास जहरीले झाग से लदी यमुना नदी में खड़े होकर सूर्य देव की पूजा करनी पड़ रही है। एक श्रद्धालु ने कहा,’हम जानते हैं कि यमुना नदी का पानी गंदा है और यह खतरनाक हो सकता है। लेकिन कोई विकल्प नहीं है क्योंकि नदी के बहते पानी में खड़े होकर सूर्य देव की पूजा की जाती है।’
यह भी पढ़ें: AAP नेता Raghav Chadha बोले, ‘यमुना में दिखने वाला झाग दिल्ली का नहीं, ये यूपी-हरियाणा का दिया ‘तोहफा’ है’