मुख्यमंत्री योगी (Yogi Adityanath) ने शुक्रवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को साफ संदेश दिया कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गोरखनाथ मंदिर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 150 लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का समाधान तत्परता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए।
सीएम योगी ने कहा कि हर पीड़ित को न्याय मिलना चाहिए और किसी के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने खासतौर पर राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों में तेजी और निष्पक्षता बरतने के निर्देश दिए।
इलाज के लिए धन की कमी नहीं आने देंगे: सीएम
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि पैसे के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जरूरतमंद मरीजों के इलाज का इस्टीमेट जल्द तैयार कर शासन को भेजा जाए, ताकि सरकार तुरंत आर्थिक सहायता उपलब्ध करा सके।
गोरखनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना और गोसेवा
जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और गोशाला पहुंचकर गोसेवा की। मुख्यमंत्री ने गायों को गुड़ खिलाया और भीषण गर्मी को देखते हुए गोवंश की देखभाल के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
बच्चों से मिले, बांटी चॉकलेट्स
मंदिर परिसर में भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने परिवारों के साथ आए बच्चों से बातचीत की। उन्होंने बच्चों को दुलारते हुए आशीर्वाद दिया और चॉकलेट्स भी बांटीं।
सीएम योगी का यह मानवीय और सहज अंदाज जनता के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा।









