अगर आप स्ट्रीट फूड के शौकीन हैं, तो आलू की टिक्की आपकी फेवरिट लिस्ट में जरूर शामिल होगी। चटपटी, कुरकुरी और गर्मागर्म टिक्की का स्वाद हर किसी को पसंद आता है। लेकिन क्या आपने कभी आलू की जगह बाजरे की टिक्की ट्राय की है? अगर नहीं, तो अब समय आ गया है अपनी रेसिपी लिस्ट में एक हेल्दी और टेस्टी विकल्प जोड़ने का।
बाजरा न सिर्फ पोषण से भरपूर होता है, बल्कि यह पाचन के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है। सर्दियों में बाजरे से बने व्यंजन शरीर को गर्म रखने में मदद करते हैं। ऐसे में अगर आप आलू की टिक्की की जगह बाजरे की टिक्की बनाते हैं, तो यह स्वाद के साथ-साथ सेहत का भी पूरा ध्यान रखती है। खास बात यह है कि इस टिक्की को बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता। महज 30 मिनट में आप घर पर कुरकुरी और स्वादिष्ट बाजरे की टिक्की तैयार कर सकते हैं।
बाजरे की टिक्की के लिए जरूरी सामग्री
इस हेल्दी टिक्की को बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं पड़ेगी। आमतौर पर ये सामग्री आपके किचन में आसानी से मिल जाती है:
- हाफ कप गुड़
- हाफ कप पानी
- 2 कप बाजरे का आटा
- हाफ कप तिल
- तलने के लिए थोड़ा सा तेल
इन साधारण सामग्रियों से आप बेहद खास और हेल्दी स्ट्रीट फूड जैसा स्वाद पा सकते हैं।
बाजरे की टिक्की बनाने की आसान विधि
स्टेप 1: गुड़ की चाशनी तैयार करें
सबसे पहले एक पैन लें और उसमें हाफ कप पानी डालें। अब इसमें गुड़ डालकर धीमी आंच पर गर्म करें। गुड़ को अच्छे से पिघलने दें ताकि एक स्मूद सा मिश्रण तैयार हो जाए। ध्यान रखें कि चाशनी ज्यादा गाढ़ी न हो, बस इतना कि गुड़ पूरी तरह से घुल जाए।
स्टेप 2: सूखी सामग्री मिलाएं
अब एक बड़े बर्तन में बाजरे का आटा और तिल डालें। दोनों को अच्छी तरह मिक्स कर लें ताकि तिल आटे में समान रूप से मिल जाएं। इससे टिक्की में हल्की कुरकुराहट और अच्छा फ्लेवर आएगा।
स्टेप 3: आटा गूंथें
अब धीरे-धीरे पिघला हुआ गुड़ आटे में डालते जाएं और साथ ही आटा गूंथते रहें। अगर आटा ज्यादा सख्त लगे, तो जरूरत के हिसाब से थोड़ा और पानी डाल सकते हैं। आटे की कंसिस्टेंसी नरम होनी चाहिए, ताकि टिक्की आसानी से शेप ले सके।
स्टेप 4: लोइयां बनाएं
आटे को करीब 5 मिनट तक अच्छे से गूंथने के बाद इसकी छोटी-छोटी लोइयां बना लें। अब हथेलियों की मदद से इन लोइयों को टिक्की का आकार दें। ध्यान रखें कि टिक्की न ज्यादा मोटी हो और न ज्यादा पतली।
स्टेप 5: तिल लगाएं और तलें
अब टिक्की के ऊपर थोड़ा सा तिल बुरक दें। एक कड़ाही में तेल गर्म करें। तेल अच्छी तरह गर्म होने के बाद एक-एक करके टिक्कियां डालें। आंच मध्यम रखें ताकि टिक्की अंदर से भी अच्छी तरह पक जाए।
स्टेप 6: गोल्डन ब्राउन होने तक पकाएं
टिक्की को दोनों तरफ से पलट-पलटकर तब तक तलें, जब तक वह सुनहरी और कुरकुरी न हो जाए। जब टिक्की का रंग गोल्डन ब्राउन हो जाए, तो समझ लें कि वह पूरी तरह तैयार है।
कैसे करें सर्व और स्टोर
गरमागरम बाजरे की टिक्की का स्वाद सबसे ज्यादा अच्छा लगता है। आप इसे हरी चटनी, इमली की चटनी या फिर अचार के साथ सर्व कर सकते हैं। यह टिक्की बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आएगी।
अगर टिक्की बच जाए, तो आप इसे किसी भी एयरटाइट कंटेनर में स्टोर करके रख सकते हैं। जरूरत पड़ने पर हल्का सा गर्म करके दोबारा सर्व किया जा सकता है।
क्यों चुनें बाजरे की टिक्की?
- आलू की तुलना में ज्यादा हेल्दी विकल्प
- फाइबर से भरपूर, पाचन के लिए फायदेमंद
- सर्दियों में शरीर को गर्म रखने में मददगार
- कम सामग्री और कम समय में तैयार
अगली बार जब भी आपको टिक्की खाने का मन करे, तो आलू की टिक्की की जगह बाजरे की कुरकुरी और टेस्टी टिक्की जरूर ट्राय करें। स्वाद में लाजवाब और सेहत के लिए फायदेमंद यह रेसिपी आपकी फैमिली की नई फेवरेट बन सकती है।









