IND vs NZ 1st ODI: गिल ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी, अय्यर–सिराज की वापसी; पिछले वनडे में शतकवीर खिलाड़ी प्लेइंग XI से बाहर

0
1

IND vs NZ 1st ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का आगाज वडोदरा में हो चुका है। पहले मुकाबले में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया, यानी टीम इंडिया इस मैच में रन चेज करती नजर आएगी। साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज के बाद भारतीय प्लेइंग इलेवन में कुछ अहम बदलाव देखने को मिले हैं।

सबसे बड़ी राहत की खबर यह रही कि चोट से उबरने के बाद श्रेयस अय्यर ने उपकप्तान के रूप में टीम में वापसी की है। इसके साथ ही अनुभवी तेज़ गेंदबाज मोहम्मद सिराज भी अंतिम एकादश का हिस्सा बने।

हालांकि चयन में सबसे चौंकाने वाला फैसला युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल को बेंच पर बैठाना रहा। जायसवाल ने मौजूदा सीरीज से कुछ ही समय पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के तीसरे वनडे में शानदार शतकीय (117 रन) पारी खेली थी और टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया था, इसके बावजूद उन्हें इस मैच में मौका नहीं मिला।

विकेटकीपिंग में बदलाव

टीम इंडिया को एक और झटका तब लगा, जब ऋषभ पंत को अचानक आई चोट के चलते स्क्वॉड से बाहर होना पड़ा। उनकी जगह ध्रुव जुरेल को बैकअप विकेटकीपर के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। इस मुकाबले में विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी केएल राहुल निभा रहे हैं।

IND vs NZ: पहले 5 ओवर

IND vs NZ पहले वनडे में न्यूजीलैंड ने सतर्क शुरुआत की है। खबर लिखे जाने तक, 5 ओवर के खेल के बाद कीवी टीम बिना किसी नुकसान के 17 रन बना चुकी है। क्रीज पर डेवॉन कॉनवे 20 गेंदों में 12 रन बनाकर मौजूद हैं, जबकि हेनरी निकोल्स ने 10 गेंदों में 4 रन जोड़े हैं। भारतीय गेंदबाज़ों ने नई गेंद से कसी हुई शुरुआत की है, खासकर मोहम्मद सिराज ने अपने शुरुआती 3 ओवर में सिर्फ 10 रन देकर रन गति पर लगाम लगाई है। पावरप्ले के शुरुआती ओवरों में भारत ने अनुशासित गेंदबाज़ी करते हुए न्यूजीलैंड को बड़े शॉट खेलने का ज्यादा मौका नहीं दिया है।

बता दें कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच यह पहला वनडे आज यानी 11 जनवरी (रविवार) को BCA स्टेडियम, वडोदरा में खेला जा रहा है। दोनों टीमें पहले ही वेन्यू पर पहुंचकर अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे चुकी थीं।

रविवार का दिन होने और ‘रो-को’ यानी रोहित शर्मा–विराट कोहली की जोड़ी को देखने के लिए स्टेडियम में दर्शकों की अच्छी मौजूदगी नजर आ रही है।

IND vs NZ ODI सीरीज का पूरा शेड्यूल

मैचतारीखवेन्यूसमय
पहला ODI11 जनवरी 2026वडोदरा1:30 PM
दूसरा ODI14 जनवरी 2026राजकोट1:30 PM
तीसरा ODI18 जनवरी 2026इंदौर1:30 PM

वनडे सीरीज के बाद 21 जनवरी से दोनों टीमें 5 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में भी आमने-सामने होंगी।

पहले वनडे के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग 11

भारत:
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), वाशिंगटन सुंदर, रवींद्र जड़ेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव

न्यूजीलैंड:
मिचेल ब्रेसवैल (कप्तान), आदि अशोक, क्रिस्टियन क्लार्क, डेवॉन कॉनवे (विकेटकीपर), जैक फॉल्क्स, मिच हे, कायले जैमिस, डेरिल मिचेल, हेनरी निकोलस, ग्लेन फिलिप्स, विल यंग

दोनों टीमों के वनडे स्क्वॉड

भारत:
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), वाशिंगटन सुंदर, रवींद्र जड़ेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जायसवाल

न्यूजीलैंड:
मिचेल ब्रेसवैल (कप्तान), आदि अशोक, क्रिस्टियन क्लार्क, जोश क्लार्कसन, डेवॉन कॉनवे (विकेटकीपर), जैक फॉल्क्स, मिच हे, कायले जैमिसन, निक कैली, जेडन लेनोक्स, डेरिल मिचेल, हेनरी निकोलस, ग्लेन फिलिप्स, माइकल रे, विल यंग